राम मंदिर विवाद पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने VIP दर्शन को लेकर BJP को घेरा, अरविंद केजरीवाल का किया जिक्र
अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के बीच, मंगलवार सुबह कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को आचार्य नरेंद्र देव विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में कथित तौर पर नजरबंद कर दिया गया। दरअसल कांग्रेस ने इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला है। अजय राय ने अयोध्या
अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद के बीच, मंगलवार सुबह कांग्रेस के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को आचार्य नरेंद्र देव विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में कथित तौर पर नजरबंद कर दिया गया। दरअसल कांग्रेस ने इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला है। अजय राय ने अयोध्या पहुंचते ही दावा किया कि उन्हें नजरबंद कर दिया गया है। उन्होंने साफ कहा कि जब तक उन्हें राम मंदिर में दर्शन की अनुमति नहीं मिलेगी, वे अयोध्या नहीं छोड़ेंगे।
दरअसल इस मामले को लेकर कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ हमारे नेता को हाउस अरेस्ट किया जाता है, वहीं दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल को वीआईपी सुविधा देकर दर्शन कराया जाता है। कांग्रेस ने इस रवैये को तानाशाही बताया है।
कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर एक पोस्ट कर पूरे मामले की जानकारी दी। पोस्ट में लिखा गया, “भाजपा सरकार की पुलिस ने यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को आचार्य नरेंद्र देव विश्वविद्यालय के गेस्ट हाउस में बंद कर दिया है। अजय राय जी को जिस कमरे में रखा गया, उसके दरवाजे बाहर से बंद हैं।” कांग्रेस ने इस तरीके को गलत बताया और कहा कि इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पार्टी ने आगे लिखा, “एक तरफ पुलिस कांग्रेस के नेताओं को हाउस अरेस्ट कर लेती है, दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल को वीआईपी सुविधा देकर दर्शन कराया जाता है। यह तानाशाही रवैया भाजपा सरकार की दोहरी सोच को दिखाता है, लेकिन वे याद रखें कि हम डरने वाले नहीं हैं।” यह बयान भाजपा सरकार के खिलाफ कांग्रेस के कड़े विरोध को दिखाता है।
जानिए अजय राय ने क्या कहा?
खुद कांग्रेस नेता अजय राय ने अपनी स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा, “मुझे लगता है कि मुझे गिरफ्तार कर लिया गया है, नहीं तो आधी रात को मुझे इस गेस्ट हाउस में लाकर क्यों रखा जाता?” उन्होंने भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके दल के कई सदस्य, जो मंगलवार के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए अलग-अलग जगहों से अयोध्या आ रहे थे, उन्हें रास्ते में ही रोक दिया गया, हिरासत में लिया गया या फिर उनके घरों से बाहर नहीं निकलने दिया गया। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है कि अजय राय को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया है या नहीं।
जानिए क्या है पूरा मामला?
यह पूरा मामला अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन से जुड़ा है। अजय राय इससे पहले भी 18 जून को अयोध्या जाकर दर्शन-पूजन कर चुके हैं। दान में कथित गबन का मुद्दा सबसे पहले 7 जून को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उठाया था। उन्होंने मीडिया रिपोर्टों का हवाला देते हुए इस मामले की न्यायिक जांच की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था। एसआईटी ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार भी किया जा चुका है।