तमिलनाडु में टीवीके चीफ विजय ने सरकार बनाने का दावा किया पेश, 121 विधायकों का समर्थन मिला
तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर छाए असमंजस के बादल अब छंट गए हैं। दरअसल टीवीके चीफ विजय ने शुक्रवार, 8 मई 2026 को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। सूत्रों के अनुसार, ‘थलापति’ विजय के पास 121 विधायकों का समर्थन है, जो राज्य में
तमिलनाडु में नई सरकार के गठन को लेकर छाए असमंजस के बादल अब छंट गए हैं। दरअसल टीवीके चीफ विजय ने शुक्रवार, 8 मई 2026 को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया। सूत्रों के अनुसार, ‘थलापति’ विजय के पास 121 विधायकों का समर्थन है, जो राज्य में सरकार बनाने के लिए आवश्यक बहुमत के आंकड़े 118 से तीन अधिक है। तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं।
दरअसल राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर से विजय की यह तीसरी मुलाकात थी। इससे पहले की दो मुलाकातों में विजय के पास सरकार बनाने के लिए पर्याप्त विधायकों का समर्थन नहीं था। सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल ने विजय को आवश्यक संख्या में विधायकों के समर्थन पत्र के साथ आने को कहा था। अब विजय ने 121 विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपकर अपनी सरकार बनाने का दावा मजबूत कर दिया है।
विजय 9 मई की सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे
टीवीके प्रमुख विजय 9 मई की सुबह 11 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह जवाहरलाल नेहरू इनडोर स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। विजय ने राज्यपाल को सौंपे गए पत्र में अपनी पार्टी टीवीके के 107 विधायकों के साथ-साथ अन्य सहयोगी दलों के समर्थन का ब्योरा दिया है। इस सूची में कांग्रेस के 5 विधायक, सीपीएम के 2, सीपीआई के 2, वीसीके के 2, IUML के 2 और एएमएमके के 1 विधायक शामिल हैं। इन सभी को मिलाकर विजय के पास कुल 121 विधायकों का समर्थन है।
सीपीआई और सीपीएम ने टीवीके को समर्थन देने का निर्णय किया
इस बीच, तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन में शामिल दोनों वामपंथी दलों, सीपीआई और सीपीएम ने टीवीके को समर्थन देने का निर्णय किया है। इन दलों ने कहा कि उनका यह समर्थन बीजेपी को राज्य में पिछले दरवाजे से प्रवेश करने से रोकने के उद्देश्य से लिया गया है। हालांकि, वाम दलों ने यह भी स्पष्ट किया कि वे राज्य के अधिकारों से जुड़े मामलों में डीएमके के साथ बने रहेंगे। सीपीआई और सीपीएम, जिनके दो-दो विधायक हैं, ने घोषणा की है कि वे टीवीके मंत्रिमंडल का हिस्सा नहीं बनेंगे। दिनभर चली गहन चर्चा के बाद इन दोनों वामपंथी दलों ने अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी को अपना समर्थन देने का ऐलान किया। पांच विधायकों वाली कांग्रेस ने पहले ही टीवीके को अपना समर्थन दे दिया था।
चुनाव आयोग के नियमों के मुताबिक, पार्टी संस्थापक विजय को अपनी जीती हुई दो सीटों में से एक को छोड़ना होगा। विजय ने चेन्नई के पेरम्बूर और तिरुचिरापल्ली पूर्व सीटों से जीत हासिल की है। उन्हें इन दोनों में से किसी एक सीट से इस्तीफा देना पड़ेगा। इस प्रकार, तमिलनाडु में लंबे समय से चल रही राजनीतिक अनिश्चितता अब समाप्त होती दिख रही है और विजय के नेतृत्व में नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हो गया है।