पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: TMC का घोषणापत्र जारी, ममता बनर्जी ने खोला वादों का पिटारा, केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

पश्चिम बंगाल में 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है, जिसमें ‘दीदी की 10 प्रतिज्ञा’ के नाम से कई लोकलुभावन वादे किए गए हैं। घोषणापत्र में महिलाओं, युवाओं, किसानों और बुजुर्गों पर विशेष

Mar 20, 2026 - 18:30
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026: TMC का घोषणापत्र जारी, ममता बनर्जी ने खोला वादों का पिटारा, केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

पश्चिम बंगाल में 2026 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने अपना घोषणापत्र जारी कर दिया है, जिसमें ‘दीदी की 10 प्रतिज्ञा’ के नाम से कई लोकलुभावन वादे किए गए हैं। घोषणापत्र में महिलाओं, युवाओं, किसानों और बुजुर्गों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है।

घोषणापत्र जारी करने के मौके पर ममता बनर्जी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बंगाल को तोड़ने की साजिश कर रही है।

महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े ऐलान

TMC के घोषणापत्र में सबसे प्रमुख वादों में से एक ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना का विस्तार है। इसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को अब 1500 रुपये प्रति माह (सालाना 18,000 रुपये) और अनुसूचित जाति/जनजाति की महिलाओं को 1700 रुपये प्रति माह (सालाना 20,400 रुपये) की वित्तीय सहायता दी जाएगी।

युवाओं को साधने के लिए ‘बांग्लार युबा साथी’ योजना का वादा किया गया है। इस योजना के तहत नौकरी मिलने तक युवाओं को 1500 रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। ममता बनर्जी ने स्पष्ट किया, “युवा साथी कोई बेरोजगारी भत्ता नहीं है। यह तब तक मिलेगा, जब तक नौकरी नहीं मिल जाती।”

किसानों और बुजुर्गों का भी रखा ध्यान

घोषणापत्र में किसानों के लिए भी बड़े वादे हैं। कृषि क्षेत्र के समग्र विकास और किसानों को निरंतर समर्थन देने के लिए 30,000 करोड़ रुपये का विशेष कृषि बजट आवंटित करने का संकल्प लिया गया है। इसके अलावा, राज्य के हर परिवार के लिए पक्के घर और हर घर तक पाइपलाइन से शुद्ध पेयजल पहुंचाने का भी लक्ष्य रखा गया है।

बुजुर्गों के लिए वृद्धावस्था पेंशन को जारी रखने और इसका दायरा बढ़ाकर सभी पात्र वरिष्ठ नागरिकों को इसमें शामिल करने का वादा किया गया है। स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर ‘द्वारे चिकित्सा’ कैंप के माध्यम से हर ब्लॉक और शहर में लोगों के घर तक इलाज पहुंचाने की बात कही गई है।

केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

ममता बनर्जी ने घोषणापत्र जारी करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा बंगाल को निशाना बना रही है और इसे तोड़ना चाहती है।

“अगर कुछ हुआ तो बीजेपी सरकार जिम्मेदार होगी। क्योंकि इलेक्शन कमीशन बीजेपी से बाहर का नहीं है। सारे अफसर ले जाए जा रहे हैं। प्रेसिडेंट रूल कर दिया है! बंगाल टारगेट है। क्योंकि वे नहीं चाहते कि बंगाल एक राज्य बना रहे!”- ममता बनर्जी, मुख्यमंत्री, पश्चिम बंगाल

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा देश को बांटने का काम कर रही है और साजिश रच रही है। उन्होंने जनता से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा, “अत्याचारी, दुराचारी मोदी सरकार, महिला विरोधी सरकार, भाषा विरोधी सरकार… बहुत जल्दी चले जाएंगे।”