Venezuela Tragedy: वेनेजुएला में भूकंप का तांडव, भरभराकर गिरी इंटरनेशनल एयरपोर्ट की छत, अंधेरे में डूबा देश; Video Viral
वेनेजुएला में आए 7.2 और 7.5 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप से भारी तबाही हुई है। देश का सबसे बड़ा सिमोन बोलिवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के बाद अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिया गया है। राजधानी काराकास में कई इमारतें ढह गईं।
Caracas: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला से इस समय रूह कंपा देने वाली तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं। बुधवार की शाम वेनेजुएला के इतिहास में एक ऐसा काला दिन बनकर दर्ज हो गई है, जिसे चाहकर भी कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। एक के बाद एक आए 7.2 और 7.5 तीव्रता वाले दो विनाशकारी भूकंपों ने पूरे देश को तहस-नहस कर के रख दिया है।
इस भीषण प्राकृतिक आपदा में देश का सबसे बड़ा और प्रमुख सिमोन बोलिवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट (Simon Bolivar International Airport) बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। सुरक्षा और मलबे की गंभीर स्थिति को देखते हुए हवाई अड्डे को अनिश्चित काल के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
एयरपोर्ट पर गिरा कंक्रीट का मलबा
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो किसी के भी रोंगटे खड़े करने के लिए काफी हैं। बुधवार की शाम को जब यह आपदा आई, तब हमेशा की तरह एयरपोर्ट पर देश-विदेश जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ मौजूद थी। लोग शांति से अपनी फ्लाइट का इंतजार कर रहे थे, तभी अचानक उनके पैरों तले से जमीन खिसक गई।
धरती इतनी भयानक और हिंसक तरीके से डोली कि लोगों के लिए सीधे खड़े रह पाना भी नामुमकिन हो गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे एयरपोर्ट की भारी-भरकम फॉल्स सीलिंग, कंक्रीट के बड़े-बड़े टुकड़े, भारी लाइटें और बिजली के तार सीधे नीचे यात्रियों के बैठने वाली जगहों और चेक-इन काउंटरों पर गिरने लगे, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
जमीन के टुकड़े पर छिड़ी जंग! गोलियों की गूंज से कांपा गांव, परसेरा में लड़ाई का VIDEO वायरल
पल भर में गुल हुई बत्ती
भूकंप का यह डबल झटका इतना जोरदार था कि कुछ ही सेकंड्स के भीतर एयरपोर्ट का मेन पावर ग्रिड पूरी तरह फेल हो गया। देखते ही देखते पूरे टर्मिनल में घाना अंधेरा छा गया। कंक्रीट गिरने की वजह से हवा में धूल का ऐसा गुबार उठा कि लोगों का दम घुटने लगा और सांस लेना तक मुश्किल हो गया।
???????? BREAKING
Venezuela’s powerful back to back earthquakes have caused significant damage to Simón Bolívar International Airport near Caracas.
Videos show parts of the terminal ceiling collapsing as passengers rushed to evacuate. Flights have been suspended while authorities… pic.twitter.com/LSpebcEljm
— @Sky (@Sky_Tradez_) June 25, 2026
हर तरफ सिर्फ कांच के टूटने, कंक्रीट के गिरने और अपनों को पुकारते लोगों की चीखें सुनाई दे रही थीं। यात्री और एयरपोर्ट स्टाफ जान बचाने के लिए उस अंधेरे और मलबे के बीच से जैसे-तैसे निकलकर बाहर खुले मैदान की तरफ भागते नजर आए।
बुनियादी ढांचा पूरी तरह हुआ बर्बाद
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने देश को हिला देने वाली इस दुखद खबर की आधिकारिक पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सिमोन बोलिवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का बुनियादी ढांचा इस आपदा में पूरी तरह बर्बाद हो चुका है।
रनवे से लेकर टर्मिनल बिल्डिंग तक को भारी नुकसान पहुंचा है, जिसके चलते फिलहाल वहां से किसी भी उड़ान को ऑपरेट करना पूरी तरह असंभव हो गया है। सरकार की पहली प्राथमिकता अब फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने और घायलों को तत्काल इलाज मुहैया कराने की है।
ताश के पत्तों की तरह ढह गईं बहुमंजिला इमारतें
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के आंकड़ों के मुताबिक, यह पिछली एक सदी में इस क्षेत्र में आया सबसे खतरनाक भूकंप है। पहला झटका 7.2 तीव्रता का था और उसके ठीक 39 सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा महाझटका आया।
इन जुड़वां झटकों ने सिर्फ एयरपोर्ट ही नहीं, बल्कि राजधानी काराकास की कई आलीशान और बहुमंजिला इमारतों को भी ताश के पत्तों की तरह जमीन पर गिरा दिया। इस भूकंप का असर इतना व्यापक था कि इसके तेज झटके पड़ोसी देश कोलंबिया और ब्राजील तक में साफ तौर पर महसूस किए गए हैं, जिससे वहां भी लोग सुरक्षा की दृष्टि से घरों से बाहर निकल आए।