FIFA World Cup 2026 : मेसी मैजिक से मिस्र का सपना चकनाचूर, अर्जेंटीना ने आखिरी मिनटों में पलटी बाजी
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-16 राउंड में अर्जेंटीना ने मिस्र के खिलाफ 0-2 से पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी की। लियोनेल मेसी की कप्तानी में अर्जेंटीना ने आखिरी मिनटों में कमाल दिखाते हुए रोमांचक मुकाबला 3-2 से जीत लिया।
New Delhi : फीफा वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-16 राउंड में अर्जेंटीना और मिस्र के बीच ऐसा मुकाबला देखने को मिला। जिसे फुटबॉल फैंस लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे। डिफेंडिंग चैंपियन अर्जेंटीना के सामने अंडरडॉग मिस्र ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और एक समय 2-0 की बढ़त लेकर बड़ा उलटफेर करने की उम्मीद जगा दी। लेकिन आखिरी मिनटों में लियोनेल मेसी की कप्तानी वाली अर्जेंटीना ने जबरदस्त वापसी करते हुए मुकाबला 3-2 से जीत लिया और फिर साबित कर दिया कि चैंपियन टीम आखिरी सीटी बजने तक हार नहीं मानती।
15वें मिनट में मिस्र ने अर्जेंटीना को चौंकाया
मैच की शुरुआत में ही मिस्र ने अपने इरादे साफ कर दिए। 15वें मिनट में मिस्र को राइट फ्लैंक से कॉर्नर मिला। मारवान अत्तिया ने शानदार क्रॉस बॉक्स में डाला। जहां मौजूद यासर इब्राहिम ने जबरदस्त हेडर लगाकर गेंद को नेट में पहुंचा दिया। इस गोल के साथ मिस्र ने 1-0 की बढ़त बना ली और स्टेडियम में मौजूद फैंस को चौंका दिया।
67वें मिनट में मिस्र ने बढ़त दोगुनी की
बराबरी की तलाश में अर्जेंटीना ने अटैक तेज किया लेकिन इसी का फायदा मिस्र ने काउंटर-अटैक में उठाया। 67वें मिनट में मिस्र ने अपने डिफेंस से गेंद जीतकर तेज मूव बनाया। गेंद मोस्तफा जिको के पास पहुंची और उन्होंने शानदार फिनिश करते हुए एमी मार्टिनेज को छका दिया। इस गोल के बाद मिस्र 2-0 से आगे हो गया और अर्जेंटीना पर हार का खतरा मंडराने लगा।
रोमेरो ने जगाई वापसी की उम्मीद
जब लगने लगा था कि अर्जेंटीना के हाथ से मैच निकल चुका है। तभी 79वें मिनट में क्रिस्टियन रोमेरो ने टीम को मुकाबले में वापस ला दिया। सेट-पीस पर आई गेंद को रोमेरो ने बेहतरीन हेडर से गोल में बदला और स्कोर 2-1 कर दिया। इस गोल ने अर्जेंटीना के खिलाड़ियों और फैंस दोनों में नई जान फूंक दी।
मेसी मैजिक से स्कोर 2-2
रोमेरो के गोल के कुछ ही मिनट बाद अर्जेंटीना ने मिस्र पर दबाव और बढ़ा दिया। 84वें मिनट में मिस्र का डिफेंस गेंद को ठीक से क्लियर नहीं कर पाया और गेंद बॉक्स में मौजूद लियोनेल मेसी के पास पहुंच गई। मेसी ने अपने ट्रेडमार्क अंदाज में बाएं पैर से शानदार फिनिश किया और अर्जेंटीना को 2-2 की बराबरी पर ला दिया।
एंजो फर्नांडीज ने पूरा किया कमबैक
मैच के इंजरी टाइम में अर्जेंटीना ने असली चैंपियन वाला खेल दिखाया। 92वें मिनट में जूलियन अल्वारेज ने शानदार टैकल कर गेंद छीनी और काउंटर-अटैक शुरू किया। लुटारो मार्टिनेज ने राइट साइड से सटीक क्रॉस डाला, जिस पर एंजो फर्नांडीज ने बेहतरीन हेडर लगाकर अर्जेंटीना को 3-2 की बढ़त दिला दी। इसी गोल के साथ अर्जेंटीना ने रोमांचक जीत अपने नाम कर ली।
यह जीत अर्जेंटीना के लिए ऐतिहासिक रही। फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में पहली बार अर्जेंटीना ने 0-2 से पिछड़ने के बाद कोई मुकाबला जीता। इससे पहले टीम 13 बार ऐसे हालात में पिछड़ी थी और हर बार उसे हार मिली थी लेकिन इस बार मेसी की टीम ने इतिहास बदल दिया।