इंदौर में 30 कछुओं की तस्करी मामले में बड़ा खुलासा, महाराष्ट्र समेत दूसरे राज्यों से जुड़े सप्लाई लिंक, दो आरोपी रिमांड पर

इंदौर में 30 संरक्षित कछुओं की तस्करी के मामले में वन विभाग ने जांच तेज कर दी है। स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को कोर्ट से रिमांड पर लिया है। पूछताछ में महाराष्ट्र तक जुड़े सप्लाई लिंक के संकेत मिले हैं। अब जांच का फोकस कछुओं के स्रोत, सप्लायर और

Aug 22, 2026 - 10:30
इंदौर में 30 कछुओं की तस्करी मामले में बड़ा खुलासा, महाराष्ट्र समेत दूसरे राज्यों से जुड़े सप्लाई लिंक, दो आरोपी रिमांड पर

इंदौर में 30 संरक्षित कछुओं की तस्करी के मामले में वन विभाग ने जांच तेज कर दी है। स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स ने गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को कोर्ट से रिमांड पर लिया है। पूछताछ में महाराष्ट्र तक जुड़े सप्लाई लिंक के संकेत मिले हैं। अब जांच का फोकस कछुओं के स्रोत, सप्लायर और खरीदारों की पहचान पर है।

वहीं वन विभाग के मुताबिक मुसाखेड़ी निवासी केशव शर्मा और रोहन गौड़ को 30 कछुओं के साथ गिरफ्तार किया गया था। कोर्ट में पेश करने के बाद दोनों आरोपियों को 24 अगस्त तक रिमांड पर सौंपा गया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि मामला केवल स्थानीय स्तर की तस्करी तक सीमित नहीं है। जांच टीम अब यह पता लगा रही है कि कछुए कहां से लाए गए, इंदौर तक कैसे पहुंचे और आगे किन लोगों तक इनकी सप्लाई की जानी थी।

सप्लायर और खरीदारों की जांच तेज

दरअसल वन विभाग ने बताया कि आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है और उनके मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, संपर्क सूची और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड भी जांच का हिस्सा बनाए गए हैं। शुरुआती जानकारी में महाराष्ट्र समेत दूसरे राज्यों से जुड़े संपर्क सामने आए हैं, जिसके बाद जांच का दायरा बढ़ा दिया गया है। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों आरोपियों के बीच जिम्मेदारियां अलग-अलग थीं। केशव शर्मा ग्राहकों से संपर्क कर सौदा तय करता था, जबकि रोहन गौड़ कछुओं को ग्राहकों तक पहुंचाने का काम करता था। अब टीम यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों के पीछे कौन लोग सक्रिय थे और उन्हें लगातार कछुओं की सप्लाई कौन कर रहा था। अधिकारियों के मुताबिक इस पूरे मामले में सप्लायर, ट्रांसपोर्ट करने वाले और खरीदारों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फिलहाल वन विभाग सभी संभावित कड़ियों को जोड़कर नेटवर्क की पूरी तस्वीर तैयार करने की कोशिश कर रहा है।

30 संरक्षित कछुओं की बरामदगी के बाद जांच का दायरा बढ़ा

कार्रवाई के दौरान वन विभाग ने कुल 30 संरक्षित कछुए बरामद किए थे। इनमें 14 इंडियन स्टार टॉरटॉइज, 10 इंडियन रूफ्ड टर्टल और 6 स्पॉटेड पॉन्ड टर्टल शामिल हैं। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है। वन विभाग के अनुसार बरामद सभी कछुए वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 के तहत संरक्षित प्रजातियों में शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि बरामद वन्यजीवों के स्रोत और उनसे जुड़े लोगों की पहचान के लिए जांच लगातार आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल दोनों आरोपी वन विभाग की रिमांड पर हैं और पूछताछ के आधार पर मामले की विवेचना जारी है।