“हिम्मत है तो भाजपा में शामिल हो जाओ..” बागी नेताओं पर भड़कीं ममता बनर्जी, BJP पर लगाए गंभीर आरोप
पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद से तृणमूल कांग्रेस (TMC) और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर संकट के काले बादल मंडरा रहे हैं। एक तरफ जहां पार्टी के दो टुकड़ों में टूटने का गम है तो वहीं दूसरी ओर लगातार उनके नेता पार्टी और ममता बनर्जी से किनारा करते
पश्चिम बंगाल में हुए विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद से तृणमूल कांग्रेस (TMC) और पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर संकट के काले बादल मंडरा रहे हैं। एक तरफ जहां पार्टी के दो टुकड़ों में टूटने का गम है तो वहीं दूसरी ओर लगातार उनके नेता पार्टी और ममता बनर्जी से किनारा करते जा रहे हैं। शनिवार को भी ममता की करीबी नेता चंद्रिमा भट्टाचार्य ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद ममता बनर्जी ने फेसबुक पर लाइव आकर कई मामलों में अपनी प्रतिक्रिया दी है।
पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा हमले बोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, भाजपा उनकी पार्टी में फूट डालने की कोशिश कर रही है। उनका कहना था कि भाजपा समर्थित बागी नेताओं के माध्यम से TMC के भीतर असहमति को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि पश्चिम बंगाल में सत्ता तक पहुंचने का रास्ता आसान बनाया जा सके।
वहीं ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी टीएमसी के चुनाव चिन्ह को लेकर भी बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि टीएमसी का चुनाव चिन्ह भी छीनने की कोशिश की जा रही है लेकिन इसमें किसी को कामयाबी हासिल नहीं होगी। मुझे पता है कि यह चुनाव चिन्ह हमारे पास ही रहेगा। अगर चुनाव आयोग की ओर से कोई भी हरकत हुई तो मैं खुद चुनाव चिन्ह को गले में टांगकर जनता के बीच पहुंच जाऊंगी। जनता सब जानती है।
बागियों पर भड़की ममता बनर्जी
टीएमसी से बगावत करने वाले विधायक और सांसदों को लेकर भी ममता बनर्जी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बेईमानी की भी एक सीमा होनी चाहिए। जिस पार्टी ने आपको पहचान और राजनीतिक मंच दिया, उसी के साथ बेवफाई की जा रही है। अब आप खुले तौर पर भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। आपमें से जो लोग गद्दारी कर रहे हैं और भाजपा के इशारों पर चल रहे हैं, यदि आपमें हिम्मत और अपने फैसले पर भरोसा है, तो सीधे भाजपा में शामिल हो जाइए।
ममता बनर्जी ने संभाली प्रदेशाध्यक्ष की भी कमान
एक तरफ ममता बनर्जी टीएमसी की राष्ट्रीय अध्यक्ष तो हैं ही लेकिन अब उन्होंने पश्चिम बंगाल पार्टी अध्यक्ष की डोर भी अपने हाथ में ले ली है। उन्होंने कहा कि मैं आज से प्रदेशाध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभालूंगी। इसके अलावा मदन मित्रा और कुणाल घोष को पार्टी की समिति में शामिल कर महासचिव पद की जिम्मेदारी दी गई है।