दक्षिण अफ्रीका के दो शहरों में अंधाधुंध गोलीबारी, Ak-47 के हमलों में 27 बेकसूरों की दर्दनाक मौत
दक्षिण अफ्रीका के दो बड़े शहरों जोहान्सबर्ग और केप टाउन के पास हुई अंधाधुंध गोलीबारी की दो अलग-अलग घटनाओं में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई है।
New Delhi: दक्षिण अफ्रीका के दो बड़े शहरों में गोलीबारी की अलग-अलग घटनाओं ने चिंता बढ़ा दी है। हथियारबंद हमलावरों ने दो जगहों पर अंधाधुंध फायरिंग की जिसमें कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है।
बार में अचानक गोलियों की बौछार
पहली घटना जोहान्सबर्ग के दक्षिण-पश्चिम में स्थित वेडेला टाउनशिप में हुई। पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात हथियारबंद संदिग्ध एक बार में पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। चश्मदीदों ने बताया कि हमलावरों के पास AK-47 राइफलें और पिस्तौलें थीं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग बार में आराम करते दिख रहे हैं, तभी अचानक गोलीबारी की आवाज से अफरातफरी और दहशत फैल जाती है। इस हमले में 17 लोगों की जान चली गई।
यह भी पढ़ें – अपराध के साए में दक्षिण अफ्रीका: जोहान्सबर्ग में अंधाधुंध फायरिंग, 10 की मौत; जानें क्या है ताजा हाल
केप टाउन के पास दूसरी घटना
दूसरी घटना रविवार तड़के करीब 1:00 बजे केप टाउन के पास लवांडले इलाके में हुई। पुलिस के मुताबिक, एक स्टोर पर हुई गोलीबारी में 10 लोग मारे गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद पुलिस और मेडिकल टीमें राहत और बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचीं।
हमलावरों की तलाश में पुलिस
दक्षिण अफ्रीकी पुलिस के मुताबिक, दोनों घटनाओं के सिलसिले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। शुरुआती जांच से कई हमलावरों के शामिल होने का संकेत मिलता है। पुलिस गोलीबारी के पीछे की वजह और हमलावरों के मकसद का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
यह भी पढ़ें – दक्षिण अफ्रीका से हार पर गौतम गंभीर का बड़ा बयान: मेरे भविष्य पर फैसला BCCI लेगी, लेकिन याद रखिए…
बढ़ती हिंसा पर चिंता
इन घटनाओं से कुछ दिन पहले ही डरबन के पास एक हाउस पार्टी में गोलीबारी में 11 लोगों की मौत हो गई थी, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल थी। हिंसा की इन घटनाओं ने दक्षिण अफ्रीका में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल, पुलिस सबूत इकट्ठा कर रही है और दोनों मामलों में हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।