अहमदाबाद निवेश संवाद में MP को मिले 8,635 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिया GIS में शामिल होने का न्योता

अहमदाबाद में आयोजित मेगा निवेश संवाद में मध्यप्रदेश को विभिन्न क्षेत्रों में 8,635 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इन प्रस्तावों से प्रदेश में 5,785 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। निवेश संवाद में गुजरात के अहमदाबाद, सूरत, भावनगर, राजकोट और वडोदरा सहित प्रमुख औद्योगिक केंद्रों से 500 से अधिक

Aug 13, 2026 - 11:30
अहमदाबाद निवेश संवाद में MP को मिले 8,635 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिया GIS में शामिल होने का न्योता

अहमदाबाद में आयोजित मेगा निवेश संवाद में मध्यप्रदेश को विभिन्न क्षेत्रों में 8,635 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इन प्रस्तावों से प्रदेश में 5,785 से अधिक रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है। निवेश संवाद में गुजरात के अहमदाबाद, सूरत, भावनगर, राजकोट और वडोदरा सहित प्रमुख औद्योगिक केंद्रों से 500 से अधिक उद्योगपति, निवेशक और कॉर्पोरेट प्रतिनिधि शामिल हुए।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में व्यापार, नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, विस्तार और बिजनेस एक्सटेंशन के लिए व्यापक संभावनाएं हैं। उन्होंने कहा कि निवेशकों को सरकार की ओर से हर संभव सुविधा, सुरक्षा और सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने गुजरात के उद्योग जगत को 2027 में भोपाल में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में शामिल होने का न्योता भी दिया।

मुख्यमंत्री ने निवेश अनुकूल अवसरों की जानकारी दी

अहमदाबाद निवेश संवाद में सीएम मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में निवेशकों को बिजली, पानी और जमीन को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। औद्योगिक भूमि रियायती दरों पर लीज पर उपलब्ध कराई जा रही है। प्रदेश में पर्याप्त वाटर बैंक और सरप्लस बिजली उपलब्ध है, जबकि प्लग एंड प्ले इंडस्ट्रियल जोन भी विकसित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि करीब 19 हजार एकड़ क्षेत्र में 48 नए इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही सिंगल विंडो सिस्टम के जरिए निवेशकों को विभिन्न विभागों से जुड़ी प्रक्रियाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

डॉ. मोहन यादव ने मध्यप्रदेश और गुजरात के बीच औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं को रेखांकित करते हुए कहा कि गुजरात के पास तकनीक, व्यापार और औद्योगिक अनुभव है, जबकि मध्यप्रदेश के पास पर्याप्त जल, लैंड बैंक और देश के मध्य में स्थित होने का लॉजिस्टिक्स लाभ है। दोनों राज्यों की खूबियों के मेल से औद्योगिक विकास को नई गति दी जा सकती है।

उन्होंने गुजरात के पेट्रोकेमिकल, रसायन, टेक्सटाइल, फार्मा, फूड प्रोसेसिंग और ऑटोमोबाइल उद्योगों के लिए मध्यप्रदेश में मौजूद अवसरों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने बीना की पेट्रोकेमिकल परियोजना, उज्जैन के मेडिकल डिवाइस पार्क, धार के पीएम मित्र पार्क और पीथमपुर के ऑटोमोबाइल उद्योग को निवेश की प्रमुख संभावनाओं के रूप में बताया।

मध्यप्रदेश को मिले करोड़ों के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में मध्यप्रदेश को विभिन्न क्षेत्रों में 34 लाख करोड़ रुपये से अधिक निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 10 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। उन्होंने बताया कि नवीकरणीय ऊर्जा, पंप्ड हाइड्रो और बायोमास जैसी नीतियों के माध्यम से भी निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है। सीएम ने उद्योगपतियों से मध्यप्रदेश में खुले मन से निवेश करने और प्रदेश की विकास यात्रा में भागीदार बनने की बात कही। उन्होंने कहा कि गुजरात के उद्योग जगत के अनुभव और मध्यप्रदेश के अवसरों के साथ दोनों राज्य मिलकर औद्योगिक विकास की नई संभावनाएं तैयार कर सकते हैं।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।