Asian Games 2026: गोल्ड से एक कदम दूर भारत, श्रीलंका के खिलाफ मंधाना-शेफाली की तूफानी शुरुआत
एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम स्वर्ण पदक बचाने के इरादे से फाइनल मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ उतरी है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम ने शानदार शुरुआत करते हुए पावरप्ले में ही 50 रन पूरे कर लिए। भारत की नजरें एक बार फिर एशियाड गोल्ड पर हैं।
नई दिल्ली: भारतीय महिला क्रिकेट टीम एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने से सिर्फ एक कदम दूर है। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम फाइनल मुकाबले में श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरी है। भारत की कोशिश एशियाड में अपने पिछले स्वर्ण पदक का सफलतापूर्वक बचाव करने की है।
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की है। श्रीलंका के खिलाफ बल्लेबाजी करते हुए भारत ने पावरप्ले में ही 50 रनों का आंकड़ा पार कर लिया। सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए टीम को मजबूत शुरुआत दी।
भारत को शेफाली वर्मा के रूप में पहला झटका लगा है। शेफाली शानदार बल्लेबाजी कर रही थीं और अर्धशतक लगाने के करीब थीं, लेकिन चामुदी प्रबोदा की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठीं। शेफाली 29 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से 48 रन बनाकर आउट हुईं। मंधाना और शेफाली के बीच पहले विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी हुई।
गोल्ड मेडल पर भारत की नजर
भारतीय महिला टीम इससे पहले भी एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर चुकी है। फाइनल में जीत दर्ज करने के साथ ही टीम एक बार फिर एशियाई खेलों में अपना दबदबा कायम रखना चाहेगी।
कप्तान हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में भारतीय टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ युवा प्रतिभाओं का संतुलन देखने को मिल रहा है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जी. कमालिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, श्री चरणी, नंदिनी शर्मा।
श्रीलंका: इमिशा दुलानी, चमारी अट्टापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, कविषा दिलहारी, हर्षिता समरविक्रमा, हंसिमा करुणारत्ने, कौशिनी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), काव्या काविंदी, मिताली अयोध्या, चामुदी प्रबोदा, सुगंदिका कुमारी।