पश्चिम बंगाल: TMC विधायक मदन मित्रा की कार पर हुआ हमला, फेंके गए अंडे, लगे ‘चोर-चोर’ के नारे

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेताओं पर हमले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में अब कमरहटी के विधायक मदन मित्रा भी लोगों के गुस्से का शिकार हुए हैं। खबर है कि शनिवार रात उनकी कार पर हमला किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके और ‘चोर-चोर’ के

Jun 7, 2026 - 15:30
पश्चिम बंगाल: TMC विधायक मदन मित्रा की कार पर हुआ हमला, फेंके गए अंडे, लगे ‘चोर-चोर’ के नारे

पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेताओं पर हमले लगातार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में अब कमरहटी के विधायक मदन मित्रा भी लोगों के गुस्से का शिकार हुए हैं। खबर है कि शनिवार रात उनकी कार पर हमला किया गया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके और ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। इस घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया है। मदन मित्रा को टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी का करीबी नेता माना जाता है।

जानकारी के मुताबिक, यह घटना शनिवार रात कमरहटी में हुई। स्थानीय युवकों के एक समूह ने विरोध प्रदर्शन करते हुए विधायक मदन मित्रा की कार को निशाना बनाया। प्रदर्शनकारियों ने उनकी कार पर अंडे फेंके और जोर-जोर से ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए। हालांकि, तृणमूल विधायक मदन मित्रा ने दावा किया कि घटना के वक्त वह कार में मौजूद नहीं थे। आरोप है कि इस हमले में कार चालक के साथ मारपीट भी की गई।

बताया जा रहा है कि शनिवार शाम को मदन मित्रा अपने पार्टी कार्यालय में थे। तभी उन्हें वार्ड नंबर 14 में अशांति की सूचना मिली। यह खबर मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। इसी दौरान उपद्रवियों ने उनकी कार पर कथित तौर पर हमला कर दिया। उनकी गाड़ी पर अंडे फेंके गए और ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए गए, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।

ड्राइवर के साथ मारपीट का आरोप

इस घटना के बाद विधायक मदन मित्रा ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि वह उस समय गाड़ी में नहीं थे, लेकिन उनके ड्राइवर के साथ मारपीट की गई। मदन मित्रा ने इस हमले को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) समर्थित उपद्रवियों द्वारा सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया गया बताया। उन्होंने फेसबुक लाइव पर आकर कहा, “मैंने मौत को बहुत करीब से देखा है।” उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की कोशिश की गई थी।

बीजेपी कार्यकर्ता अनवर खान पर मदन मित्रा का सीधा आरोप

मदन मित्रा ने इस घटना के लिए एक बीजेपी कार्यकर्ता अनवर खान पर उंगली उठाई। उन्होंने बताया कि अनवर खान नाम का यह व्यक्ति पहले तृणमूल का सदस्य था और अब बीजेपी का समर्थन करता है। विधायक ने अनवर को कमरहटी का सबसे बड़ा हत्यारा करार दिया और कहा कि आज जो कुछ हुआ है, उसके लिए वही जिम्मेदार है। उन्होंने अपने फेसबुक लाइव में पुलिस की निष्क्रियता का मुद्दा भी उठाया। मित्रा ने यह भी कहा कि वह सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक कर यह साबित करेंगे कि यह कृत्य किसने किया है। उन्होंने बताया, “मैं दक्षिणेश्वर स्थित ब्लॉक वार्ड कार्यालय गया था, तभी यह घटना घटी।” मदन मित्रा ने लाइव में आरोप लगाया कि दक्षिणेश्वर में उपद्रवी उन्हें घेरे हुए थे और वहां ‘जय श्री राम’ के नारे भी लगाए गए। उन्होंने बैरकपुर के डीजी और सीपी का ध्यान भी इस घटना की ओर दिलाया। फिलहाल, इस पूरे प्रकरण को लेकर राजनीतिक गलियारों में गरमागरम चर्चा जारी है।