भोपाल में रिटायर्ड IAS की हत्या पर उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा, बोले “कानून-व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी”

भोपाल में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके घर में हुई हत्या को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मध्यप्रदेश सरकार को घेरा है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और मुख्यमंत्री मोहन यादव से जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब राजधानी में एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी […]

Sep 30, 2026 - 15:30
भोपाल में रिटायर्ड IAS की हत्या पर उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा, बोले “कानून-व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी”

भोपाल में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके घर में हुई हत्या को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मध्यप्रदेश सरकार को घेरा है। उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और मुख्यमंत्री मोहन यादव से जवाबदेही तय करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जब राजधानी में एक रिटायर्ड आईएएस अधिकारी अपने घर में सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी कौन लेगा।

कांग्रेस नेता ने कहा कि भोपाल में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके घर में हत्या ने मध्यप्रदेश की कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और अब राजधानी भोपाल में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं।

उमंग सिंघार ने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए 

उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके राज में प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राजधानी में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस नेता ने कहा कि रिटायर्ड आईएएस अधिकारी अपने घर में ही सुरक्षित नहीं रह सके। ऐसे में आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर सरकार की जिम्मेदारी पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश को अपराधियों के भरोसे छोड़कर अपनी जवाबदेही से नहीं बच सकते हैं। उन्होंने सरकार से कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीरता से कदम उठाने की मांग की।

क्या है राकेश अग्रवाल हत्याकांड 

भोपाल के रातीबड़ थाना क्षेत्र के सूरजनगर में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल की उनके घर में हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में पुलिस को घर पर हाल ही में रखे गए केयरटेकर पर शक है। घटना के बाद से केयरटेकर के लापता होने की बात सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश के साथ ही हत्या के कारण और वारदात से जुड़े दूसरे पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। फिलहाल हत्या की वजह और घटना में संदिग्ध की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच जारी है।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।