प्रमोशन के एक हफ्ते बाद बड़ा खुलासा, बिजली कंपनी के ACE शिवराम सेमिल की 17 करोड़ की संपत्ति, 25 बैंक खाते किए गए फ्रीज

मध्य प्रदेश में आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। दरअसल पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी के एडिशनल चीफ इंजीनियर (ACE) शिवराम सेमिल के खिलाफ लोकायुक्त की जांच में अब तक 17.12 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति सामने आई है। इससे पहले शुरुआती जांच में

Jul 23, 2026 - 10:30
प्रमोशन के एक हफ्ते बाद बड़ा खुलासा, बिजली कंपनी के ACE शिवराम सेमिल की 17 करोड़ की संपत्ति, 25 बैंक खाते किए गए फ्रीज

मध्य प्रदेश में आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। दरअसल पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी के एडिशनल चीफ इंजीनियर (ACE) शिवराम सेमिल के खिलाफ लोकायुक्त की जांच में अब तक 17.12 करोड़ रुपये से अधिक की चल-अचल संपत्ति सामने आई है। इससे पहले शुरुआती जांच में यह आंकड़ा 14.54 करोड़ रुपये था। जांच के दौरान लोकायुक्त ने शिवराम सेमिल, उनके परिवार और उनसे जुड़ी फर्मों के 25 बैंक खाते फ्रीज करा दिए हैं।

लोकायुक्त ने पद से हटाने की सिफारिश की

वहीं लोकायुक्त ने ऊर्जा विभाग और पश्चिम क्षेत्र बिजली वितरण कंपनी को पत्र भेजकर शिवराम सेमिल को वर्तमान पद से हटाने की सिफारिश की है। दरअसल जांच एजेंसी का कहना है कि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए यह कदम आवश्यक है। इसके साथ ही जांच में शिवराम सेमिल, उनकी पत्नी, बेटे, बहू और उनसे जुड़ी फर्मों के नाम पर संचालित 25 बैंक खातों का पता चला है। इनमें SBI और IDBI बैंक के खाते शामिल हैं।

लोकायुक्त के अनुसार इन खातों में 62.89 लाख रुपये जमा मिले हैं। इसके अलावा बेटे के नाम पर कई फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) की भी जानकारी सामने आई है जिनकी जांच जारी है।

मुरैना में मकान, प्लॉट और कृषि भूमि का पता चला

वहीं जांच के दौरान मुरैना में करीब 50 लाख रुपये कीमत का एक मकान मिला है। इसके अलावा घर में रखे सामान की अनुमानित कीमत 7.51 लाख रुपये आंकी गई है। दरअसल लोकायुक्त को एक 20×40 फीट का प्लॉट और करीब सवा बीघा कृषि भूमि की जानकारी भी मिली है। संबंधित दस्तावेज जुटाए जा रहे हैं।

ITR और निवेश की भी होगी जांच

इसके अलावा लोकायुक्त ने आयकर विभाग से शिवराम सेमिल और उनके परिवार के आयकर रिटर्न (ITR) की जानकारी मांगी है। वहीं SEBI को भी पत्र भेजकर शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड और अन्य वित्तीय निवेशों का ब्योरा तलब किया गया है। बता दें कि लोकायुक्त की कार्रवाई से पहले शिवराम सेमिल को हाल ही में पदोन्नति मिली थी। प्रमोशन के करीब एक सप्ताह बाद लोकायुक्त ने इंदौर, पीथमपुर, धार और मुरैना सहित 9 ठिकानों पर छापेमारी की थी।

शुरुआती जांच में 14.54 करोड़ रुपये की संपत्ति सामने आई थी, जो अब बढ़कर 17.12 करोड़ रुपये हो गई है। लोकायुक्त का कहना है कि जांच अभी जारी है और आगे भी नए खुलासे हो सकते हैं।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।