BJP का पलटवार, “राहुल गांधी ने PM Modi और अमित शाह को नहीं 140 करोड़ देशवासियों को गद्दार कहा है, ये पाकिस्तान की भाषा”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) और गृह मंत्री अमित शाह (HM Amit Shah) को “गद्दार” कहकर राहुल गांधी ने देश की सियासत को भड़का दिया है, अपने संसदीय क्षेत्र में रायबरेली में वीरा पासी की प्रतिमा के अनावरण के समय आयोजित सभा में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा, आरएसएस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) और गृह मंत्री अमित शाह (HM Amit Shah) को “गद्दार” कहकर राहुल गांधी ने देश की सियासत को भड़का दिया है, अपने संसदीय क्षेत्र में रायबरेली में वीरा पासी की प्रतिमा के अनावरण के समय आयोजित सभा में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा, आरएसएस पर निशाना साधते हुए गद्दार कह दिया , उनके इस बयान के बाद भाजपा ने पलटवार किया है और राहुल गांधी की भाषा को पाकिस्तान की भाषा कहा है।
राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए जनता से कहा- जब भी BJP-RSS के लोग आपके सामने आएं और नरेंद्र मोदी-अमित शाह की बात करें तो आप उनसे खुलकर कहिए, नरेंद्र मोदी-अमित शाह गद्दार हैं। BJP-RSS गद्दार हैं, क्योंकि आप लोगों ने मिलकर देश को बेचने का काम किया है। BJP-RSS ने संविधान पर, वीरा पासी, महात्मा गांधी और अंबेडकर पर हमला किया है।
राहुल का बयान लगातार चुनावी हार की हताशा
राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को गद्दार कहने पर भाजपा भड़क गई है, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने राहुल गांधी और कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि बार-बार चुनावी हार के बाद राहुल गांधी की हताशा अब भारत की उपलब्धियों और 140 करोड़ भारतीयों के जनादेश का खुलेआम अपमान बन रही है।
राहुल गांधी की टिप्पणी हर भारतीय का अपमान
भाजपा अध्यक्ष ने कहा हर बार जब राहुल गांधी हताशा और अहंकार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला करते हैं, तो भारत की जनता मोदी जी को और भी बड़ा जनादेश देकर जवाब देती है। उनकी टिप्पणियां सिर्फ नरेंद्र मोदी के खिलाफ नहीं हैं, बल्कि हर उस भारतीय का अपमान हैं जो एक मजबूत, सुरक्षित और आत्मनिर्भर भारत में विश्वास रखता है। उन्होंने राहुल गांधी की गद्दार वाली टिप्पणी की कड़ी आलोचना की।
राहुल गांधी का रिमोट राष्ट्रविरोधी ताकतों के हाथ है
राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आक्रोशित होते हुए कहा राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए गद्दार शब्द का इस्तेमाल करके इस देश के 140 करोड़ लोगों का अपमान किया है, उन्हें गद्दार कहा है। ये कहकर राहुल गांधी ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी वही भाषा है जो पाकिस्तान की भाषा है, राहुल गांधी की पार्टी कांग्रेस को पाकिस्तान से समर्थन मिलता है राहुल गांधी का रिमोट कंट्रोल पाकिस्तान और अन्य राष्ट्रविरोधी ताकतों के हाथ है।