भोपाल में 5 से 8 अगस्त तक BRICS सम्मेलन, अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के स्वागत की तैयारियां शुरू, कमिश्नर कर्मवीर शर्मा ने की बैठक

अगस्त माह में भोपाल दो महत्वपूर्ण आयोजनों का साक्षी बनने जा रहा है। 5 से 8 अगस्त के बीच ब्रिक्स देशों की एक महत्वपूर्ण बैठक राजधानी में आयोजित होगी, जिसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को भोपाल कमिश्नर कर्मवीर शर्मा ने विस्तृत बैठक की। इसी कड़ी में, 15 अगस्त को लाल परेड ग्राउंड पर होने वाले

Jul 17, 2026 - 18:30
भोपाल में 5 से 8 अगस्त तक BRICS सम्मेलन, अंतरराष्ट्रीय मेहमानों के स्वागत की तैयारियां शुरू, कमिश्नर कर्मवीर शर्मा ने की बैठक

अगस्त माह में भोपाल दो महत्वपूर्ण आयोजनों का साक्षी बनने जा रहा है। 5 से 8 अगस्त के बीच ब्रिक्स देशों की एक महत्वपूर्ण बैठक राजधानी में आयोजित होगी, जिसकी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को भोपाल कमिश्नर कर्मवीर शर्मा ने विस्तृत बैठक की। इसी कड़ी में, 15 अगस्त को लाल परेड ग्राउंड पर होने वाले स्वतंत्रता दिवस राज्य स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों की समीक्षा भी कमिश्नर शर्मा ने की।

कमिश्नर शर्मा ने जोर देते हुए कहा कि यह वैश्विक सम्मेलन मध्य प्रदेश को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसलिए तैयारियों में किसी भी प्रकार की चूक या कमी स्वीकार्य नहीं होगी। बैठक में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), नगर निगम, मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम सहित अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और इंजीनियर उपस्थित थे।

विश्व धरोहर स्थल जा सकते हैं अंतरराष्ट्रीय डेलीगेट्स

अंतरराष्ट्रीय डेलीगेट्स विश्व धरोहर स्थल सांची के बौद्ध स्तूप, प्रागैतिहासिक भीमबेटका की शैलकला, ऐतिहासिक भोजपुर शिव मंदिर और पवित्र धार्मिक नगरी उज्जैन का भ्रमण कर सकते हैं। कमिश्नर शर्मा ने निर्देश दिए कि इन सभी महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों तक जाने वाली सड़कों को पूर्णतः गड्ढा मुक्त बनाया जाए। साथ ही, इन मार्गों को सुसज्जित और दर्शनीय बनाया जाए, ताकि हमारे गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक धरोहरों का दिग्दर्शन सुगमता से हो सके।

भोपाल कमिश्नर ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

कमिश्नर शर्मा ने अधिकारियों को आपसी अंतर्विभागीय समन्वय स्थापित करते हुए मिशन मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा से पूर्व ही वैश्विक मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। अपने-अपने कार्यक्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सभी सड़कों, चौराहों और संपर्क मार्गों के सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कार्य को शीघ्रता से पूरा किया जाए।

अतिथि देवो भव:’ की भावना के साथ BRICS प्रतिनिधियों के स्वागत की तैयारी

‘अतिथि देवो भव:’ की हमारी सनातन आतिथ्य परंपरा का पालन करते हुए, ब्रिक्स सम्मेलन में भोपाल आने वाले सभी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और गणमान्य आगंतुकों के मानस पटल पर भोपाल की एक अत्यंत समृद्ध, स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल छवि अंकित होनी चाहिए। कमिश्नर ने कहा कि यहां का संपूर्ण माहौल और वातावरण इतना जीवंत व सकारात्मक हो कि आगंतुक उत्कृष्ट माइंडसेट और सुखद स्मृतियों के साथ अपने देशों को लौटें। इससे वैश्विक स्तर पर मध्य प्रदेश के वैभव का प्रसार हो सकेगा।

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का जायजा

एक अन्य महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में कमिश्नर शर्मा ने 15 अगस्त को लाल परेड ग्राउंड पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस राज्य स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। यह समारोह सुबह 9 बजे से प्रारंभ होगा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि समारोह गरिमापूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था और प्राथमिक चिकित्सा व्यवस्था जैसी सभी तैयारियां चाक-चौबंद और समय से पूरी की जाएं। कार्यक्रम में आने वाले स्कूली बच्चों और परेड में भाग लेने वाले पुलिस बल आदि का विशेष ध्यान रखने को कहा गया। संभाग आयुक्त ने गणमान्य नागरिकों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों को सम्मान पूर्वक आमंत्रित करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

मानसून को देखते हुए कमिश्नर शर्मा ने बारिश की स्थिति में भी कार्यक्रम बाधित न होने के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। इसके लिए वॉटरप्रूफ टेंट, अतिरिक्त शेड, जल निकासी और मैदान में कीचड़ से बचाव के विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए गए। दर्शकों और प्रतिभागियों की सुविधा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था भी तैयार रखने को कहा गया।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।