किसानों के लिए अच्छी खबर, गेहूं उपार्जन की तारीख बढ़ी, अब 28 मई तक होगी खरीदी, सीएम डॉ मोहन यादव ने की घोषणा
मध्य प्रदेश में गेहूं उपार्जन प्रक्रिया जारी है, इस बीच मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए गेहूं उपार्जन की अंतिम तारीख 23 मई से बढ़कर 28 मई करने की घोषणा की है, ध्यान रहे ये सुविधा उन किसानों के लिए की गई है जिन्होंने स्लॉट बुक किये हैं और किसी
मध्य प्रदेश में गेहूं उपार्जन प्रक्रिया जारी है, इस बीच मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए गेहूं उपार्जन की अंतिम तारीख 23 मई से बढ़कर 28 मई करने की घोषणा की है, ध्यान रहे ये सुविधा उन किसानों के लिए की गई है जिन्होंने स्लॉट बुक किये हैं और किसी कारण से अब तक उनकी फसल खरीदी नहीं जा सकती है।
तेज गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद किसान अपनी उपज लेकर उपार्जन केंद्रों पर पहुंच रहे हैं और सरकार को अपना गेहूं बेच रहे हैं, गर्मी का ध्यान रखते हुए उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए छायादार जगह की व्यवस्था, ठन्डे पेयजल की व्यवस्था सहित अन्य सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं, मुख्यमंत्री स्वयं उपार्जन प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं।
23 नहीं अब 28 मई तक होगी गेहूं खरीदी
डॉ मोहन यादव ने आज कहा कि मुझे किसानों द्वारा बताया गया कि उन्होंने स्लॉट तो बुक कर लिए, लेकिन उपार्जन केंद्रों पर लाइन लंबी है, हमारा गेहूं ख़रीदा ही नहीं जा पा रहा। इस पर हमने कहा कि जिनके भी स्लॉट बुक हुए हैं, ऐसे सभी किसानों से हम गेहूं खरीदेंगे। इसलिए उन किसानों के लिए गेहूं उपार्जन की तारीख 23 मई से बढ़ाकर 28 मई तक करने की मैं घोषणा करता हूं।
देश में सबसे ज्यादा गेहूं खरीदने वाला राज्य MP
मुख्यमंत्री ने कहा मेरी जानकारी के मुताबिक आज की स्थिति में देश में सबसे ज्यादा गेहूं खरीदने वाला राज्य मध्य प्रदेश है, हमारी सरकार हमेशा किसान हितैषी निर्णय लेती है और इस साल को तो हम किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रहे हैं इसलिए किसान को कोई भी परेशानी नहीं होने देंगे।
अब तक 91 लाख मीट्रिक टन गेहूं की हो चुकी खरीद
डॉ मोहन यादव ने बताया कि पिछले साल मध्य प्रदेश सरकार ने 75 लाख मीट्रिक टन गेहूं ख़रीदा था और इस लक्ष्य को बढ़ाकर इस साल 100 लाख मीट्रिक टन कर दिया है अभी तक हम 91 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद कर चुके हैं जल्दी ही लक्ष्य पूरा करेंगे, जिन भी किसानों के स्लॉट बुक हो चुके हैं उनका एक एक दाना सरकार खरीदेगी।
2625/- रुपये प्रति क्विंटल गेहूं की MSP
उल्लेखनीय है कि इस साल गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य यानि MSP केंद्र सरकार द्वारा 2585/- रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित की गई है जिसपर मध्य प्रदेश सरकार द्वारा 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दे रही है अर्थात मध्य प्रदेश में गेहूं का उपार्जन 2625/- रुपये प्रति क्विंटल MSP पर किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने किसानों को भरोसा दिया है कि हमने 3000/- रुपये प्रति क्विंटल गेहूं खरीदने का पांच साल का जो वादा किया है वो अवश्य पूरा होगा।