भोपाल में चयनित शिक्षकों का हंगामा, नियुक्ति न मिलने पर कमिश्नर दफ्तर में घुसे प्रदर्शनकारी, पुलिस ने खदेड़ा
भोपाल में प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2025 में सफल होने के बावजूद नियुक्ति की मांग को लेकर चयनित शिक्षकों में आक्रोश देखा जा रहा है। गुरुवार शाम करीब 6 बजे, कार्यालय का समय समाप्त होने के दौरान लगभग दो दर्जन चयनित शिक्षक झंडे लेकर लोक शिक्षण संचालनालय की पहली मंजिल पर स्थित आयुक्त (कमिश्नर) के
भोपाल में प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा 2025 में सफल होने के बावजूद नियुक्ति की मांग को लेकर चयनित शिक्षकों में आक्रोश देखा जा रहा है। गुरुवार शाम करीब 6 बजे, कार्यालय का समय समाप्त होने के दौरान लगभग दो दर्जन चयनित शिक्षक झंडे लेकर लोक शिक्षण संचालनालय की पहली मंजिल पर स्थित आयुक्त (कमिश्नर) के कक्ष के बाहर पहुंच गए और नारेबाजी करने लगे।
प्रदर्शनकारी शिक्षकों का कहना है कि वे प्राथमिक शिक्षक वर्ग-3 परीक्षा में चयनित हो चुके हैं, लेकिन D.El.Ed (डीएड) डिग्री से जुड़े नियमों और प्रशासनिक पचड़ों के कारण उन्हें नियुक्ति पत्र नहीं दिए जा रहे हैं।
15 दिनों से शांतिपूर्ण प्रदर्शन, फिर कोई जवाब नहीं
अपनी मांगों को चयनित शिक्षक पिछले 15 दिनों से लोक शिक्षण आयुक्त कार्यालय के बाहर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे। सुनवाई न होने पर उनका धैर्य जवाब दे गया। कार्यालय स्टाफ द्वारा रोकने के बावजूद जब प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते रहे। इसी बीच कर्मचारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच बहस भी छिड़ गई। तब लोक शिक्षण आयुक्त के फोन करने पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा
वरिष्ठ अधिकारियों और भारी पुलिस बल ने स्थिति संभालते हुए प्रदर्शनकारियों को कमिश्नर कक्ष और फिर कार्यालय परिसर से बाहर खदेड़ दिया। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा के लिहाज से लोक शिक्षण संचालनालय के मुख्य गेट पर ताला लगा दिया गया। पुलिस की कार्रवाई और समझाइश के बाद प्रदर्शनकारी शिक्षक परिसर से अपने घर लौट गए। फिलहाल प्रदर्शन समाप्त हो गया है।