हेलियन की पहली भारतीय मैन्युफैक्चरिंग यूनिट MP में, CM मोहन यादव ने किया वर्चुअल भूमिपूजन, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने 8 जून को पीथमपुर में स्थापित होने जा रही हेलियन ग्रुप की पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का रिमोट से सांकेतिक भूमिपूजन किया। इस भूमिपूजन समारोह (वर्चुअल ग्राउंडब्रेकिंग सेरेमनी) को उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत

Jun 8, 2026 - 21:30
हेलियन की पहली भारतीय मैन्युफैक्चरिंग यूनिट MP में, CM मोहन यादव ने किया वर्चुअल भूमिपूजन, बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने 8 जून को पीथमपुर में स्थापित होने जा रही हेलियन ग्रुप की पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का रिमोट से सांकेतिक भूमिपूजन किया। इस भूमिपूजन समारोह (वर्चुअल ग्राउंडब्रेकिंग सेरेमनी) को उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से संबोधित किया। उन्होंने कहा कि, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत आज पूरी दुनिया में ‘फार्मेसी ऑफ द वर्ल्ड’ के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। आज दुनिया भारत को केवल एक बड़े बाजार के रूप में ही नहीं, बल्कि एक भरोसेमंद उत्पादन केंद्र, वैश्विक सप्लाई चेन पार्टनर और आर्थिक महाशक्ति के रूप में भी देख रही है।”

सीएम यादव ने कहा, ” भारत को ‘ग्लोबल फार्मा हब’ बनाने में मध्यप्रदेश की भूमिका लगातार तेजी से बढ़ रही है। मध्यप्रदेश आज हर क्षेत्र में निवेश के नए युग में प्रवेश कर आर्थिक एवं औद्योगिक विकास का नया अध्याय लिख रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि, “हेलियन कंपनी ने भारत में पहली मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के लिए मध्यप्रदेश को चुना है। मध्यप्रदेश की उर्वर भूमि सफलता की धरती भी है। राज्य  सरकार और हेलियन कंपनी के बीच आज परस्पर विश्वास की और असीम संभावनाओं की नई शुरूआत हो रही है।

निवेशकों को दिया सहयोग का भरोसा 

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि, “हमारी औद्योगिक नीतियों के कारण देश-दुनिया सभी मध्यप्रदेश पर भरोसा कर रहे है। सबका यही विश्वास ही हमारी पूंजी है। यह एक नए दौर का मध्यप्रदेश है। हमारा प्रदेश अब आत्मनिर्भर बन रहा है। मध्यप्रदेश में निवेश की इच्छा रखने वाले सभी निवेशकों को उद्योग स्थापना से लेकर उत्पादन प्रारंभ होने तक हर स्तर पर राज्य सरकार का पूरा सहयोग मिलेगा।”  आगे उन्होंने कहा, “हम आपका यह भरोसा हर हाल में कायम रखेंगे।”

2 लाख करोड़ रुपये तक निवेश पहुंचाने का कोशिश 

बताया जा रहा है कि हेलियन ग्रुप की इस मैन्युफैक्चरिंग यूनिट के माध्यम से करीब 1000 लोगों को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर मिलेंगे। कंपनी ने इस प्लांट में 30% तक महिलाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। जिसकी सराहना मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी की है। उन्होंने कहा कि, “यह हमारी सरकार के महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को और भी मजबूती देगा।” उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि, “कंपनी की मध्यप्रदेश में निवेश राशि दो हजार करोड़ रुपये से दो लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने के लिए हम सब मिलकर कोशिश करेंगे।”

ग्लोबल एक्सपोर्ट हब बन चुका प्रदेश- सीएम मोहन यादव 

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वर्चुअल भूमिपूजन समारोह में बताया भारत मात्रा के आधार पर दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा फार्मा उत्पादक देश है। यहां 3 हजार से अधिक कम्पनियां और 10 हजार 500 से अधिक विनिर्माण इकाइयां दवाओं का उत्पादन कर रही हैं। मध्यप्रदेश में 300 से अधिक फार्मा कम्पनियां तथा 30 से अधिक एपीआई और बल्क ड्रग्स निर्माता सक्रिय हैं। इनके द्वारा निर्मित दवाएं अमेरिका, यूरोप, अफ्रीका, एशिया और लैटिन अमेरिका के अनेक देशों में निर्यात हो रही हैं। मध्यप्रदेश में 75 से अधिक मेडिकल डिवाइस यूनिट्स सक्रिय हैं। राज्य के कुल निर्यात में फार्मा सेक्टर का लगभग 20 प्रतिशत योगदान है।

उन्होंने कहा, :मध्यप्रदेश अब केवल उत्पादन केंद्र नहीं, बल्कि एक स्थापित ग्लोबल एक्सपोर्ट हब बन चुका है। प्रदेश में इंदौर, पीथमपुर, मंडीदीप, भोपाल, देवास और उज्जैन के औद्योगिक क्षेत्र फार्मा मैनुफैक्चरिंग क्लस्टर्स के रूप में विकसित हो रहे हैं।” उन्होंने आगे वर्ष 2024 में यूनाइटेड किंगडम (यूके) में हुए ‘इन्वेस्ट इन एमपी रोड शो’ की चर्चा भी की।

सबसे तेजी से उभरता राज्य है एमपी- हेलियन सीईओ 

कार्यक्रम में कंपनी के सीईओ ब्रायन ने कहा कि, “यह हमारी भारत में पहली यूनिट है। हम मध्यप्रदेश आकर बेहद खुश है। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और मध्यप्रदेश भारत का सबसे तेजी से उभरता हुआ राज्य है। यह यूनिट हमारे इंडिया विजन का धरातल पर क्रियान्वयन है। फिलहाल कंपनी ने मध्यप्रदेश में 175 मिलियन पाउंड्स का निवेश किया है। हम सेन्ट्रल इंडिया के लॉजिस्टिक हब मध्यप्रदेश (पीथमपुर) में अपनी यूनिट का और विस्तार करेंगे।

दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा प्लांट एमपी में 

कंपनी के भारतीय उपमहाद्वीप के अध्यक्ष लेले ने बताया कि उनकी कंपनी ने दक्षिण एशिया का सबसे बड़ा प्लांट मध्यप्रदेश में लगाया है। पीथमपुर में उनकी नई यूनिट की स्थापना सिर्फ एक संयोग नही, बल्कि यह पिछले 18 महीनों में मध्यप्रदेश सरकार के साथ लगातार बातचीत और उच्च कोटि समन्वय का परिणाम है। उन्होंने कहा, “हम यहां पूरी तैयारी के साथ आये हैं। करीब 40 एकड़ में बन रही हमारी यह नई यूनिट कंपनी के ग्लोबल सप्लाई चेन की सबसे बड़ी यूनिट है।”

हेलियन कंपनी और नई मैन्युफैक्चरिंग इकाई के बारे में जानें 

हेलियन विश्व की एडवांस कंज्यूमर हेल्थकेयर कंपनियों में से एक है। यह 170 से अधिक देशों में अपनी उपस्थिति रखती है। कंपनी ओरल हेल्थ, डाइजेस्टिव हेल्थ, पेन रिलीफ एंड रेस्पिरेटरी (पीआरएस) और विटामिन्स, मिनरल्स एंड सप्लीमेंट्स जैसे प्रोडक्ट्स का निर्माण करती है। पीथमपुर के स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क में 40 एकड़ से अधिक क्षेत्र में विकसित होने वाली इस कंपनी की अत्याधुनिक उत्पादन इकाई मुख्य रूप से ओरल हेल्थ उत्पादों के निर्माण पर केंद्रित होगी। यहां निर्मित उत्पाद भारत की आवश्यकताओं की पूर्ति के साथ-साथ एशिया-प्रशांत, मध्य-पूर्व और अफ्रीका के अनेक देशों तक निर्यात किए जाएंगे। इस परियोजना से स्थानीय एमएसएमई इकाइयों, सप्लायर नेटवर्क, परिवहन, लॉजिस्टिक्स और अन्य सहायक उद्योगों को भी नए अवसर प्राप्त होंगे।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।