MP कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल आज राज्यपाल से मिलेगा, विजय शाह पर कार्रवाई की मांग

मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक प्रतिनिधिमंडल आज राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात करेगा और मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि SIT की जांच पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद अभियोजन […]

Sep 1, 2026 - 12:30
MP कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल आज राज्यपाल से मिलेगा, विजय शाह पर कार्रवाई की मांग

मध्यप्रदेश कांग्रेस विधायक प्रतिनिधिमंडल आज राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात करेगा और मंत्री विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि SIT की जांच पूरी हो चुकी है, इसके बावजूद अभियोजन की स्वीकृति को लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठ रहे हैं।

उमंग सिंघार ने कहा कि कानून सबके लिए बराबर है। देश की सेना की अधिकारी और देश के गौरव का अपमान करने वाले के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस लंबे समय से उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है।

राज्यपाल से मिलेंगे कांग्रेस नेता

मध्यप्रदेश में मंत्री विजय शाह द्वारा भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर की गई विवादित टिप्पणी का मामला लगातार चर्चा में है। उमंग सिंघार ने आरोप लगाया है कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल की जांच पूरी होने के बावजूद मंत्री के खिलाफ अभियोजन की प्रक्रिया को रोककर सरकार उन्हें राजनीतिक संरक्षण दे रही है। उन्होंने कहा कि इस मामले में आज कांग्रेस विधायक प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात करेगा और विजय शाह के खिलाफ तत्काल उचित कार्रवाई की मांग करेगा।

जीतू पटवारी ने लिखा राष्ट्रपति को पत्र

इससे पहले 26 अगस्त को मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर विजय शाह प्रकरण में प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विजय शाह की आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद अब उनके खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति नहीं देना मामले को और गंभीर बनाता है। कांग्रेस नेता ने कहा था कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति की गरिमा का नहीं बल्कि भारतीय सेना के सम्मान, न्यायिक प्रक्रिया और संवैधानिक व्यवस्था से जुड़ा हुआ है।

क्या है मामला

बता दें कि पिछले साल मई में विजय शाह ने भारतीय सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए थे। बाद में सुप्रीम कोर्ट ने मामले की जांच के लिए SIT गठित की थी। एसआईटी ने अपनी जांच पूरी कर रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है। इसके बाद विजय शाह के खिलाफ अभियोजन की स्वीकृति को लेकर मामला सामने आया। 25 अगस्त को मध्यप्रदेश कैबिनेट ने अभियोजन की स्वीकृति नहीं देने का फैसला किया था। इस बीच कांग्रेस लगातार विजय शाह के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है और इसी मुद्दे को लेकर आज वो राज्यपाल से मुलाकात करने जा रही है।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।