डबरा के आंतरी गांव में रहस्यमयी आग का आतंक, पांच भाइयों के घरों में बार-बार लग रही आग, दहशत में ग्रामीण

ग्वालियर जिले के डबरा के पास स्थित आंतरी गांव में इन दिनों रहस्यमयी आग का कहर जारी है। दरअसल यहां पिछले कई दिनों से एक ही परिवार के पांच भाइयों के घरों में लगातार आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। परिवार का कहना है कि बिना किसी साफ वजह के घरों में रखे कपड़े,

Jun 27, 2026 - 23:30
डबरा के आंतरी गांव में रहस्यमयी आग का आतंक, पांच भाइयों के घरों में बार-बार लग रही आग, दहशत में ग्रामीण

ग्वालियर जिले के डबरा के पास स्थित आंतरी गांव में इन दिनों रहस्यमयी आग का कहर जारी है। दरअसल यहां पिछले कई दिनों से एक ही परिवार के पांच भाइयों के घरों में लगातार आग लगने की घटनाएं हो रही हैं। परिवार का कहना है कि बिना किसी साफ वजह के घरों में रखे कपड़े, बिस्तर, अनाज और दूसरे घरेलू सामान में अचानक आग लग जाती है। इन घटनाओं ने पूरे इलाके में डर और दहशत का माहौल बना दिया है।

दरअसल रहस्यमयी आग लगने की इन घटनाओं से पूरा परिवार डरा हुआ है। वहीं अब वे घरों के अंदर रहने के बजाय खुले में रहने को मजबूर हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, आंतरी गांव में रहने वाले इन पांच भाइयों के परिवारों ने प्रशासन से शिकायत करते हुए बताया कि उनके घरों में रहस्यमयी तरीके से आग लग रही है। कभी अलमारी में रखे कपड़े जलने लगते हैं तो कभी बिस्तर, अनाज और राशन में अचानक आग लग जाती है। आग लगने की कोई साफ वजह सामने नहीं आने से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में डर और चिंता का माहौल है।

जादू-टोना से जोड़कर देख रहे ग्रामीण

वहीं लगातार हो रही इन घटनाओं को लेकर गांव में तरह-तरह की बातें हो रही हैं। कुछ ग्रामीण इसे जादू-टोना से जोड़कर देख रहे हैं, तो कुछ लोग इसे देवी-देवताओं का प्रकोप या प्रेत-आत्माओं का असर बता रहे हैं। हालांकि, प्रशासन ने ऐसी किसी भी बात की पुष्टि नहीं की है। प्रशासन का कहना है कि वैज्ञानिक जांच पूरी होने तक किसी भी नतीजे पर पहुंचना सही नहीं होगा।

जली और अधजली माचिस की तीलियां मिली?

दरअसल घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सबूत जुटाए। जांच के दौरान आग लगने वाले कुछ स्थानों के आसपास जली और अधजली माचिस की तीलियां तथा जली हुई प्लास्टिक की पॉलिथीन भी मिली हैं। हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि इन चीजों का घटना से कोई संबंध है या नहीं। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

किस वजह से लग रही आग?

वहीं अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक जांच पूरी होने से पहले किसी भी तरह का नतीजा निकालना सही नहीं होगा। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की असली वजह का पता चल सकेगा। अगर जांच में किसी व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने गांव में एहतियात के तौर पर पानी का टैंकर तैनात कर दिया है, ताकि आग लगने की किसी भी घटना पर तुरंत काबू पाया जा सके। साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम को भी अलर्ट पर रखा गया है। पुलिस और प्रशासन लगातार इलाके पर नजर बनाए हुए हैं और ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील कर रहे हैं। फिलहाल आंतरी गांव की इस रहस्यमयी आग की घटना ने प्रशासन के साथ-साथ ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ा दी है। अब सभी की नजर फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट पर है, जिससे यह पता चलने की उम्मीद है कि आखिर इन घरों में बार-बार आग कैसे और किस वजह से लग रही है।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।