मुंबई में ग्वालियर TMZ का मेगा रोडशो,10000 करोड़ रुपये निवेश व 14000 रोजगार लक्ष्य, सीएम डॉ मोहन यादव बोले- ‘मेक इन MP’ को मिलेगी नई रफ्तार

ग्वालियर में विकसित किए जा रहे देश के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (TMZ) के लिए आज मंगलवार को मुंबई में इन्वेस्टर्स मीट और रोडशो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, दूरसंचार विभाग के सचिव अमित अग्रवाल और मध्यप्रदेश शासन के अपर मुख्य

Aug 4, 2026 - 19:30
मुंबई में ग्वालियर TMZ का मेगा रोडशो,10000 करोड़ रुपये निवेश व 14000 रोजगार लक्ष्य, सीएम डॉ मोहन यादव बोले- ‘मेक इन MP’ को मिलेगी नई रफ्तार

ग्वालियर में विकसित किए जा रहे देश के पहले टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन (TMZ) के लिए आज मंगलवार को मुंबई में इन्वेस्टर्स मीट और रोडशो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, दूरसंचार विभाग के सचिव अमित अग्रवाल और मध्यप्रदेश शासन के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई मौजूद रहे। रोडशो का उद्देश्य देश की प्रमुख टेलीकॉम, टेक्नोलॉजी और कंपोनेंट मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों को ग्वालियर TMZ में निवेश के लिए आकर्षित करना है।

₹10 हजार करोड़ निवेश और 14 हजार रोजगार का लक्ष्य

राज्य सरकार ने ग्वालियर TMZ में ₹10 हजार करोड़ से अधिक निवेश का लक्ष्य रखा है। इससे पहले नई दिल्ली में हुई पहली इन्वेस्टर्स राउंडटेबल में ₹3,500 करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। पहले चरण में करीब 14 हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने की संभावना है। एचएफसीएल, डिक्सन और वीवीडीएन जैसी कई अग्रणी कंपनियों ने भी परियोजना में रुचि दिखाई है।

‘मेक इन MP’ को नई रफ्तार देने की तैयारी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश हर क्षेत्र में संतुलित और तेज़ विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। राज्य सरकार ने निवेशकों के लिए उद्योग-अनुकूल और भविष्यवादी नीतियां लागू की हैं। प्रदेश के पास बड़ा लैंड बैंक, बेहतर सड़क, रेल, एयर और लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी है, जिससे उद्योग स्थापित करना आसान होगा। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन MP’ को नई पहचान देने के लिए पूरे देश में रोड शो किए जा रहे हैं और सरकार का लक्ष्य केवल निवेश लाना नहीं, बल्कि रोजगार, नवाचार और औद्योगिक विकास का मजबूत इकोसिस्टम तैयार करना है।

ग्वालियर TMZ बनेगा टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग हब

अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश तेजी से देश का उभरता हुआ निवेश गंतव्य बन रहा है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर का टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन केवल एक औद्योगिक पार्क नहीं, बल्कि संपूर्ण टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम होगा। केंद्र और राज्य सरकार की साझेदारी, विश्वस्तरीय टेस्टिंग लैब, रिसर्च और प्लग-एंड-प्ले सुविधाएं इस परियोजना को देश की सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक पहलों में शामिल करेंगी।

उद्योग जगत ने जताया भरोसा

मुंबई रोडशो में उद्योग जगत ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। निवेशकों ने मध्यप्रदेश की नई औद्योगिक नीतियों, निवेश-अनुकूल माहौल और रीजनल इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव व ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट जैसी पहलों की सराहना की। उद्योगपतियों ने मध्यप्रदेश को दीर्घकालिक निवेश के लिए भरोसेमंद राज्य बताते हुए ग्वालियर TMZ को मुख्यमंत्री के औद्योगिक विजन की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। सरकार ने भरोसा जताया कि यह परियोजना ‘मेक इन इंडिया’, ‘मेक इन MP’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान को नई गति देने के साथ प्रदेश में बड़े पैमाने पर निवेश और रोजगार के अवसर पैदा करेगी।