ग्वालियर में उत्साह, उमंग, हर्षोल्लास से मना स्वतंत्रता दिवस, पहली बार हुआ मार्शल आर्ट “कलारियपट्टू” का प्रदर्शन
पूरे देश की तरह ही ग्वालियर में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग, हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। एसएएफ मैदान पर जिले का मुख्य समारोह आयोजित किया गया, स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार सबसे पहले राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का गायन हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने ध्वजारोहण किया।
पूरे देश की तरह ही ग्वालियर में भी 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह, उमंग, हर्षोल्लास एवं धूमधाम से मनाया गया। एसएएफ मैदान पर जिले का मुख्य समारोह आयोजित किया गया, स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार सबसे पहले राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” का गायन हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के पश्चात मुख्य अतिथि ने एक खुले वाहन में कलेक्टर रुचिका चौहान व पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के साथ सवार होकर संयुक्त परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के संदेश का सीधा प्रसारण हुआ। इसी क्रम में विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने बधाई संदेश एवं ग्वालियर जिले की उपलब्धियों पर केन्द्रित संदेश का वाचन किया।
मुख्य समारोह की संयुक्त परेड में सीमा सुरक्षा बल, एसएएफ की बटालियन, जिला पुलिस बल, जिला महिला बल, होमगार्ड, एनसीसी सीनियर पुरुष एवं महिला, एनसीसी जूनियर पुरुष व महिला, स्काउट, गाईड, शौर्या दल, नगर रक्षा समिति, बीएसएफ बैंड व दूसरी वाहिनी एसएएफ बैंड की टुकडियां शामिल हुई। संयुक्त परेड के परेड कमांडर की भूमिका उप पुलिस अधीक्षक अनुश्री वार्ष्णेय व टूआईसी की भूमिका सूबेदार सोनम पाराशर ने निभाई ।
BSF के डॉग स्क्वाड ने दिखाए हैरतअंगेज करतब
समारोह में सीमा सुरक्षा बल के श्वान दस्ते द्वारा किए गए हैरतअंगेज करतबों ने सभी को प्रभावित किया। अपराधियों से निपटना हो अथवा फिर तस्करों की पहचान या फिर कठिन बाधाओं के बीच से होकर गुजरना हो। राष्ट्रीय श्वान दस्ते ने सभी बाधाओं को फतह करने का जीवंत प्रदर्शन करके दिखाया। समारोह में बड़ी संख्या में मौजूद गणमान्य नागरिकों व बच्चों की श्वान दस्ते को खूब वाहवाही मिली। कार्यक्रम के अंत में श्वान दस्ते को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिये विशेष शील्ड प्रदान की गई।
पहली बार मार्शल आर्ट “कलारियपट्टू” का प्रदर्शन
जिले के मुख्य स्वतंत्रता दिवस समारोह में पहली बार मार्शल आर्ट कलारियपट्टू का प्रदर्शन हुआ। इस प्रदर्शन में शामिल युवाओं ने एक से बढ़कर एक रोमांचित करने वाले करतब दिखाए। बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों की इस प्रदर्शन को खूब वाहवाही मिली। मुख्य अतिथि श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने इसके लिये जिला प्रशासन की ओर से यह प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित किया।
अच्छे मार्चपास्ट पर इन्हें मिली शील्ड
संयुक्त परेड में उत्कृष्ट मार्चपास्ट के लिये सीनियर वर्ग में सीमा सुरक्षा बल टेकनपुर को प्रथम, एसएएफ द्वितीय वाहिनी को दूसरे एवं जिला पुलिस बल की टुकड़ी व एसएएफ 13वी वाहिनी की टुकड़ी को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान की शील्ड से सम्मानित गया। इसी प्रकार जूनियर वर्ग में एनसीसी सीनियर महिला को प्रथम, एनसीसी जूनियर महिला को द्वितीय एवं एनसीसी सीनियर पुरुष की टुकड़ी को तृतीय स्थान की शील्ड प्रदान की गई। साथ ही बीएसएएफ व एसएएफ द्वितीय वाहिनी के बैंडों को भी मुख्य अतिथि ने सम्मानित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मनमोहा
- स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा चुनी हुई शिक्षण संस्थाओं के बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक व मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। राष्ट्रभक्ति एवं भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत इन प्रस्तुतियों ने समारोह में खूब समा बांधा
- सांस्कृतिक कार्यकमों में कम्पू स्थित सांदीपनि शासकीय पद्मा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वारा “भारतीय सेना का शौर्य एवं बलिदान” पर प्रस्तुत कार्यक्रम को प्रथम स्थान मिला।
- बारादरी चौराहा स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्र.-2 द्वारा “स्वतंत्रता सेनानियों का बलिदान” एवं मुरार स्थित शासकीय एमएलबी कन्या विद्यालय द्वारा “महारानी लक्ष्मीबाई शौर्य” पर प्रस्तुत कार्यक्रम को संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
- मल्लगढ़ा स्थित सांदीपनि शासकीय कन्या विद्यालय द्वारा “शहीदों की शहादत” एवं लश्कर स्थित शासकीय गोरखी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वारा “सशक्त भारत” पर प्रस्तुत कार्यक्रम को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान की शील्ड प्रदान की गई।
स्कूली बच्चों के साथ विधानसभा अध्यक्ष तोमर ने किया सुरुचिपूर्ण
स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत आयोजित हुए विशेष भोज में भी शामिल हुए। उन्होंने बेटी बचाओ तिराहा के समीप तिलकनगर कम्पू स्थित शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हिन्दी विद्यापीठ स्कूल के बच्चों के साथ बैठकर सुरुचिपूर्ण भोज का आनंद लिया। उनके साथ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के अलावा स्कूली बालिकायें शामिल हुईं।