अहमदाबाद-मुंबई इंडिगो फ्लाइट में बेहोश हुआ 3 साल का बच्चा, बच्चे के लिए सूरत में उतरा विमान

तीन साल के मासूम सौरभ की जान बचाने के लिए अहमदाबाद से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-7018 को सोमवार शाम सूरत एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। दरअसल उड़ान के दौरान बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। इसके बाद पायलट ने तुरंत मेडिकल इमरजेंसी घोषित करते हुए विमान

Jun 30, 2026 - 08:30
अहमदाबाद-मुंबई इंडिगो फ्लाइट में बेहोश हुआ 3 साल का बच्चा, बच्चे के लिए सूरत में उतरा विमान

तीन साल के मासूम सौरभ की जान बचाने के लिए अहमदाबाद से मुंबई जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E-7018 को सोमवार शाम सूरत एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। दरअसल उड़ान के दौरान बच्चे की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया। इसके बाद पायलट ने तुरंत मेडिकल इमरजेंसी घोषित करते हुए विमान को सूरत में उतारने का फैसला लिया। समय पर इलाज मिलने से बच्चे की जान बच गई और उसे सूरत के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दरअसल फ्लाइट में मौजूद दो डॉक्टरों ने सौरभ को शुरुआती इलाज देने की कोशिश की, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। बच्चे की पहचान सौरभ के रूप में हुई है। हालत गंभीर होने पर पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया और सूरत एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति मांगी। एटीसी ने तुरंत अनुमति दे दी और सूरत एयरपोर्ट को मेडिकल इमरजेंसी के लिए अलर्ट कर दिया गया।

जरूरी मेडिकल उपकरण रनवे पर तैयार रखे गए

सूचना मिलते ही सूरत एयरपोर्ट पर CISF, एयरपोर्ट की मेडिकल टीम और इंडिगो की ग्राउंड टीम ने बिना देरी के अपनी तैयारियां पूरी कर लीं। एम्बुलेंस और जरूरी मेडिकल उपकरण रनवे पर तैयार रखे गए। जैसे ही विमान ने सूरत एयरपोर्ट पर लैंडिंग की, डॉक्टर तुरंत विमान के अंदर पहुंचे और बच्चे को शुरुआती इलाज दिया। इसके बाद बच्चे को एम्बुलेंस से तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

बच्चे को अस्पताल पहुंचाने और सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इंडिगो की फ्लाइट मुंबई के लिए रवाना हो गई। एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि इस आपातकालीन लैंडिंग का सूरत एयरपोर्ट से चलने वाली दूसरी उड़ानों पर कोई असर नहीं पड़ा और सभी उड़ानें अपने तय समय पर चलती रहीं।

पहले भी हुई है ऐसी घटनाएं

यह पहली बार नहीं है जब किसी यात्री की तबीयत बिगड़ने पर फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी हो। इससे पहले 15 जून को दिल्ली से मुंबई जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट संख्या 6E-322 को भी एक यात्री की तबीयत खराब होने के कारण जयपुर एयरपोर्ट पर आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी थी। उड़ान के दौरान यात्री की हालत गंभीर होने पर पायलट ने मेडिकल इमरजेंसी घोषित की थी। विमान में मौजूद क्रू मेंबर्स ने शुरुआती मदद दी, लेकिन सुधार नहीं होने पर एटीसी से संपर्क कर नजदीकी एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति मांगी गई थी।

इसी तरह की एक और घटना 12 मई को सामने आई थी, जब बेंगलुरु से दिल्ली जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2802 की दिल्ली में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। इस मामले में कॉकपिट क्रू को एक इंजन में आग लगने का अलर्ट मिला था, जिसके बाद विमान को रात करीब 9:30 बजे दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विमान में करीब 171 यात्री सवार थे और सभी यात्री व क्रू सदस्य सुरक्षित रहे। बाद में विमान को टो करके हैंगर तक ले जाया गया। ये घटनाएं हवाई यात्रा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा के लिए समय पर और सही फैसलों के महत्व को दिखाती हैं।