मध्यप्रदेश: जस्टिस अल्पेश कोगजे को राज्यपाल ने दिलाई मुख्य न्यायाधीश की शपथ, समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहें

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस अब अल्पेश यशवंत कोगजे होंगे।आज, 10 सितंबर को राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की शपथ दिलाई। जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे ने मध्य प्रदेश के 30 वें मुख्य न्यायाधीपति की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गुरुवार को लोकभवन के […]

Sep 10, 2026 - 14:30
मध्यप्रदेश: जस्टिस अल्पेश कोगजे को राज्यपाल ने दिलाई मुख्य न्यायाधीश की शपथ, समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहें

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के नए चीफ जस्टिस अब अल्पेश यशवंत कोगजे होंगे।आज, 10 सितंबर को राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस की शपथ दिलाई। जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे ने मध्य प्रदेश के 30 वें मुख्य न्यायाधीपति की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन गुरुवार को लोकभवन के सांदीपनि सभागार में किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उपस्थित रहे। राज्यपाल पटेल और मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शपथ ग्रहण के बाद नव नियुक्त चीफ जस्टिस कोगजे को पुष्प-गुच्छ भेंट कर बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल ने शपथ ग्रहण समारोह का संचालन किया। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा मध्यप्रदेश हाईकोर्ट का चीफ जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे को नियुक्त किए जाने की अधिसूचना का वाचन किया। समारोह का प्रारंभ और समापन राष्‍ट्रीय गीत वंदे मातरम् तथा राष्‍ट्र गान जन-गण-मन के गायन के साथ हुआ।

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए ये सदस्य

शपथ ग्रहण समारोह में विधानसभा अध्यक्ष नरेन्‍द्र सिंह तोमर, उप मुख्‍यमंत्री जगदीश देवड़ा और राजेन्द्र शुक्‍ल, कौशल विकास एवं रोजगार राज्‍यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम टेटवाल, महापौर भोपाल मालती राय, मध्‍यप्रदेश मानव अधिकार आयोग के अध्‍यक्ष अवधेश प्रताप सिंह, पूर्व राज्‍यपाल कप्‍तान सिंह सोलंकी, न्यायमूर्ति जी.एस. अहलूवालिया, न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर, न्यायमूर्ति संदीप एन. भट्ट, न्यायमूर्ति विनय सराफ, न्यायमूर्ति रमेश फड़के, मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह, अपर मुख्‍य सचिव डॉ. शिवशेखर शुक्‍ला और संजय शुक्‍ल, राज्‍यपाल के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, विधायक, सांसद मध्‍यप्रदेश, गुजरात और उत्तरप्रदेश राज्‍य के उच्‍च न्‍यायालयों के न्‍यायमूर्तिगण, वरिष्‍ठ प्रशासनिक, न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता और आयोगों के पदाधिकारी मौजूद थे।

बता दें कि केंद्र सरकार ने 5 सितंबर को देश के विभिन्न हाईकोर्ट में आठ चीफ जस्टिस नियुक्त किए है। यह नियुक्तियां सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद की गई हैं। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की 31 अगस्त 2026 को हुई बैठक में अलग-अलग हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों की नियुक्ति और स्थानांतरण को लेकर फैसला लिया गया था। इसी क्रम में जस्टिस अल्पेश यशवंत कोगजे का गुजरात हाईकोर्ट से मध्यप्रदेश हाईकोर्ट स्थानांतरण कर उन्हें चीफ जस्टिस बनाने की सिफारिश की गई। मध्यप्रदेश के अलावा केंद्र सरकार की अधिसूचना में पटना, कलकत्ता, राजस्थान, बॉम्बे, पंजाब एवं हरियाणा, छत्तीसगढ़ तथा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट शामिल हैं।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।