SBI का लोगो देखकर रिटायर्ड सैनिक ने किया आवेदन, OTP के जरिए 1.23 लाख की ठगी, 6 ट्रांजेक्शन में साफ हुआ खाता

इंदौर में ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है जहां पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर रिटायर्ड सैनिक से 1 लाख 23 हजार रुपए की ठगी कर ली गई। दरअसल शिकायतकर्ता शशिकांत दुरापे ने फेसबुक पर बैंक जैसा दिखने वाला विज्ञापन देखकर आवेदन किया था। वहीं कुछ देर बाद आए WhatsApp कॉल में […]

Sep 10, 2026 - 10:30
SBI का लोगो देखकर रिटायर्ड सैनिक ने किया आवेदन, OTP के जरिए 1.23 लाख की ठगी, 6 ट्रांजेक्शन में साफ हुआ खाता

इंदौर में ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है जहां पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर रिटायर्ड सैनिक से 1 लाख 23 हजार रुपए की ठगी कर ली गई। दरअसल शिकायतकर्ता शशिकांत दुरापे ने फेसबुक पर बैंक जैसा दिखने वाला विज्ञापन देखकर आवेदन किया था। वहीं कुछ देर बाद आए WhatsApp कॉल में ठग ने खुद को बैंक से जुड़ा व्यक्ति बताकर उनका भरोसा जीता और बैंक संबंधी जानकारी हासिल कर ली।

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बातचीत के दौरान डेबिट कार्ड की पूरी जानकारी और OTP ले लिया। इसके बाद अलग-अलग छह ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से कुल 1.23 लाख रुपए निकाल लिए गए। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच साइबर पुलिस से परदेशीपुरा पुलिस को सौंपी गई।

विज्ञापन देखकर ऐसे फंसे पूर्व सैनिक

शिकायत के अनुसार 5 सितंबर को शशिकांत दुरापे फेसबुक चला रहे थे। इसी दौरान उन्हें SBI का लोगो लगा पेंशन कार्ड बनाने का विज्ञापन दिखाई दिया। बैंक का लोगो देखकर उन्होंने इसे असली समझा और उसमें अपनी जानकारी भर दी। कुछ समय बाद उनके पास एक WhatsApp नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने पहले उनकी उम्र और सेना से रिटायर होने जैसी सामान्य जानकारी पूछी। इसके बाद उसने कहा कि पेंशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी करने के लिए कुछ जानकारी जरूरी है। बातचीत के दौरान उसने डेबिट कार्ड की डिटेल और OTP भी पूछ लिया। आरोपी ने शशिकांत से कहा कि दो-तीन दिन के भीतर पेंशन कार्ड तैयार हो जाएगा और उसे ऑनलाइन भी डाउनलोड किया जा सकेगा। इस दौरान उनके मोबाइल पर कई SMS आए, लेकिन आरोपी ने उन्हें बाद में देखने के लिए कहा और बातचीत जारी रखी। कुछ देर बाद कॉल खत्म हो गई।

छह ट्रांजेक्शन में निकले 1.23 लाख

वहीं फोन कटने के कुछ समय बाद शशिकांत के पास टोल-फ्री नंबर से कॉल आया जिसमें खाते से लगातार पेमेंट होने की जानकारी दी गई। जब उन्होंने अपने बैंक खाते की जांच की तो पता चला कि छह अलग-अलग ट्रांजेक्शन में करीब 1 लाख 23 हजार रुपए निकल चुके हैं। इसके बाद उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद मामला परदेशीपुरा पुलिस को सौंपा गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ ऑनलाइन ठगी का केस दर्ज कर लिया है।