MP में भोपाल सहित कई जगह पेट्रोल को लेकर अफरा-तफरी, उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा, मुख्यमंत्री से आवश्यक कार्रवाई की मांग

मध्यप्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल को लेकर अचानक बनी अफरा-तफरी ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी भोपाल सहित कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर देर रात तक लंबी कतारें देखी गईं जहां लोग घंटों इंतजार करते नजर आए। इस पूरे मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य सरकार पर

Mar 25, 2026 - 11:30
MP में भोपाल सहित कई जगह पेट्रोल को लेकर अफरा-तफरी, उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा, मुख्यमंत्री से आवश्यक कार्रवाई की मांग

मध्यप्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल को लेकर अचानक बनी अफरा-तफरी ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी भोपाल सहित कई शहरों में पेट्रोल पंपों पर देर रात तक लंबी कतारें देखी गईं जहां लोग घंटों इंतजार करते नजर आए।

इस पूरे मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि यह स्थिति प्रशासनिक विफलता और सरकार के दावों की सच्चाई को उजागर करती है। उन्होंने कहा आम जनता परेशान है लेकिन जिम्मेदार अधिकारी स्थिति संभालने में नाकाम दिख रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें, अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई हो और ईंधन आपूर्ति को सुचारु बनाया जाए।

पेट्रोल खत्म होने की अफवाह से मची अफरा-तफरी

ईरान-इजराइल युद्ध के बीच देशभर में ऊर्जा आपूर्ति को लेकर फैली चिंता अब मध्यप्रदेश में भी दिखने लगी है। मंगलवार शाम से ही अफवाहों के कारण प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल पंपों पर अचानक भारी भीड़ उमड़ पड़ी और आधी रात तक वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं। कुछ पंपों पर पेट्रोल खत्म होने की सूचना फैलते ही लोगों ने घबराकर टंकियां फुल करानी शुरू कर दीं। इससे सप्लाई पर दबाव बढ़ गया और कई पंपों पर स्टॉक खत्म होने की नौबत आ गई। कुछ जगहों पर तो पंप संचालकों को राशनिंग शुरू करनी पड़ी और एक वाहन को सिर्फ एक लीटर पेट्रोल ही दिया गया।

भोपाल में रातभर लगी रही लाइनें

राजधानी भोपाल के बैरसिया रोड, करोंद, 80 फीट रोड और हाउसिंग बोर्ड इलाके में देर रात तक पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ उमड़ती रही। जैसे ही पेट्रोल खत्म होने की खबर फैली, लोग अपनी गाड़ियों में ईंधन भरवाने के लिए पंपों की ओर दौड़ पड़े। कई स्थानों पर आधी रात के बाद भी लंबी कतारें बनी रहीं।

कई जिलों में एक जैसी स्थिति

नीमच, झाबुआ, आगर मालवा और शाजापुर में भी पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों में यह चर्चा फैल गई कि पेट्रोल की कमी हो सकती है और कीमतें बढ़ सकती हैं, जिसके चलते कई लोग अतिरिक्त ईंधन जमा करने लगे। झाबुआ में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा। मेघनगर नाका समेत कई इलाकों में देर रात तक लोग कतारों में खड़े रहे, जिससे व्यवस्था बनाए रखना चुनौती बन गया।

उमंग सिंघार ने सरकार को घेरा 

इस स्थिति को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार को घेरा है। उमंग सिंघार ने कहा कि “पेट्रोल पंपों पर अचानक उमड़ी भीड़ प्रशासन की घोर विफलता और भाजपा सरकार के बड़े-बड़े वादों व तथाकथित सुशासन की पोल खोल रही है।” उन्होंने कहा कि हालात ऐसे बन गए हैं कि आम जनता घंटों लाइनों में खड़ी होकर परेशान हो रही है और जिम्मेदार लोग मौन हैं। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पहले से ही देश एवं प्रदेश में गैस सिलेंडर का संकट गहराया हुआ है ऊपर से अफवाहों के कारण पेट्रोल पंपों पर मची अफरा-तफरी ने स्थिति को और अनियंत्रित बना दिया है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ अफवाह नहीं बल्कि सरकार की कमजोर व्यवस्था और लचर प्रबंधन का सीधा परिणाम है। कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वो इस विषय पर संज्ञान लें अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई एवं सप्लाई और प्रबंधन को तुरंत दुरुस्त करें।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।