नर्मदापुरम में 108 एंबुलेंस में सब्जियां लादने पर कांग्रेस हमलावर, उमंग सिंघार ने सरकार से मांगा जवाब

नर्मदापुरम में 108 एंबुलेंस में सब्जियां लादने का मामला सामने आने के बाद मध्यप्रदेश की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा की निगरानी और जवाबदेही पर सवाल उठे हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधते हुए पूछा है कि मरीजों के लिए संचालित 108 एंबुलेंस का इस्तेमाल माल […]

Sep 22, 2026 - 12:30
नर्मदापुरम में 108 एंबुलेंस में सब्जियां लादने पर कांग्रेस हमलावर, उमंग सिंघार ने सरकार से मांगा जवाब

नर्मदापुरम में 108 एंबुलेंस में सब्जियां लादने का मामला सामने आने के बाद मध्यप्रदेश की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा की निगरानी और जवाबदेही पर सवाल उठे हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस घटना को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पर निशाना साधते हुए पूछा है कि मरीजों के लिए संचालित 108 एंबुलेंस का इस्तेमाल माल ढुलाई के लिए कैसे किया जा सकता है।

कांग्रेस नेता ने सोशल मीडिया में लिखी पोस्ट में कहा कि जब मरीजों को जरूरत के समय 108 एंबुलेंस के लिए इंतजार करना पड़ता है, तब उसी सेवा की गाड़ी में सब्जियों के बोरे और कैरेट लादना गंभीर लापरवाही है। उन्होंने इस मामले में सिर्फ नोटिस जारी करने के बजाय जिम्मेदारी तय कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

क्या है मामला 

नर्मदापुरम में सरकारी 108 एंबुलेंस के इस्तेमाल को लेकर एक वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी और जवाबदेही पर सवाल खड़े हो गए हैं। वीडियो में देर रात एंबुलेंस के स्ट्रेचर वाले हिस्से में सब्जियों से भरे बोरे और कैरेट रखे जाते दिखाई दे रहे हैं। मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से जवाब मांगा है।वीडियो के अनुसार, नर्मदापुरम में रात करीब 11:30 बजे एक 108 एंबुलेंस में सब्जियों के बोरे और कैरेट रखे जा रहे थे। बताया गया है कि एंबुलेंस के पिछले हिस्से में बने स्ट्रेचर स्थान का इस्तेमाल सामान रखने के लिए किया गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला स्वास्थ्य विभाग के संज्ञान में पहुंचा।

स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की कार्रवाई

नर्मदापुरम के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने इसे गंभीर और शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा है कि मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार, जिला समन्वयक की ओर से संबंधित एंबुलेंस के पायलट और ईएमटी को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है। विभाग का कहना है कि इस तरह की घटना पहली बार सामने आई है और मामले की जांच की जा रही है।

उमंग सिंघार ने पूछा “मरीजों के लिए है या माल ढुलाई के लिए”

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस घटना को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा है कि एक ओर मरीजों को जरूरत के समय 108 एंबुलेंस के लिए इंतजार करना पड़ता है, वहीं दूसरी ओर उसी एंबुलेंस में सब्जियों के बोरे और कैरेट लादे जा रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि मरीजों की जान बचाने के लिए इस्तेमाल होने वाली 108 एंबुलेंस को माल ढोने के लिए कैसे इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने यह भी पूछा कि इस मामले में सिर्फ नोटिस जारी कर खानापूर्ति क्यों की जा रही है और दोषियों की जवाबदेही कब तय होगी।

 

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।