Russia-Ukraine War: कैसे रूसी मिसाइल हमले में फंसी भारतीय अरबपति लक्ष्मी मित्तल की फैक्ट्री, 2 की मौत, 13 घायल
यूक्रेन में लक्ष्मी मित्तल के आर्सेलरमित्तल क्रीवी रिह स्टील प्लांट पर रूस का मिसाइल हमला हुआ, जिसमें दो की मौत हो गई और 13 घायल हो गए, जबकि प्रमुख उत्पादन ढांचे को नुकसान पहुंचा।
New Delhi: भारतीय अरबपति लक्ष्मी मित्तल से जुड़ी एक बड़ी स्टील फैक्ट्री रूस-यूक्रेन युद्ध की चपेट में आ गई है। यूक्रेन में मौजूद ‘आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह’ (ArcelorMittal Kryvyi Rih) पर रूसी मिसाइल से हमला हुआ।
कंपनी के मुताबिक, इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 13 कर्मचारी व कॉन्ट्रैक्टर घायल हो गए। इस बड़े इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स की अहम सुविधाओं को नुकसान पहुंचा है, जिसमें एनर्जी सिस्टम और ब्लास्ट फर्नेस ऑपरेशन से जुड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर भी शामिल है।
नुकसान के कारण कंपनी को आंशिक रूप से प्रोडक्शन रोकना पड़ा, जबकि इमरजेंसी टीमें और स्पेशलिस्ट हालात का जायजा ले रहे हैं।
प्लांट पर पहले भी हो चुका है हमला
‘आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह’ यूक्रेन की सबसे अहम स्टील बनाने वाली सुविधाओं में से एक है। इस प्लांट पर 2022 में भी हमला हुआ था, जब एक रूसी मिसाइल ने रोलिंग मिल को नष्ट कर दिया था और एक कर्मचारी की मौत हो गई थी।
ताजा हमले ने एक बार फिर यूक्रेन के इंडस्ट्रियल सेक्टर के सामने मौजूद खतरों को उजागर किया है, क्योंकि पूरे देश में रूसी मिसाइल और ड्रोन हमले जारी हैं।
कंपनी ने इस सुविधा को आम नागरिकों से जुड़ा इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर बताया और कहा कि नुकसान का आकलन करने और मरम्मत की ज़रूरतों का पता लगाने की कोशिशें चल रही हैं।
क्रिवी रिह और कीव में भी बड़े हमले
ताजा हमलों का असर यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह पर भी पड़ा। यूक्रेनी अधिकारियों ने शहर के अन्य हिस्सों में भी लोगों के हताहत होने की जानकारी दी, जबकि प्लांट ने अलग से अपनी सुविधा में दो मौतों और 13 लोगों के घायल होने की पुष्टि की।
रूसी हमलों से कीव में भी भारी नुकसान हुआ। पोचाइना मेट्रो स्टेशन के पास ऐतिहासिक पेट्रिव्का बुक मार्केट में भीषण आग लग गई, जिससे कई रिटेल दुकानें और बड़ी मात्रा में किताबें व अन्य सामान जलकर खाक हो गए।
जेलेंस्की ने एयर डिफेंस सिस्टम की मांग फिर दोहराई
यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की ने एक बार फिर पश्चिमी देशों से यूक्रेन की एयर-डिफेंस क्षमताओं को मजबूत करने का आग्रह किया है, खासकर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन के खिलाफ।
‘आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह’ के लिए तत्काल चुनौती क्षतिग्रस्त सिस्टम को ठीक करना और प्रोडक्शन में आई रुकावट के दायरे का पता लगाना है। कंपनी ने अभी तक कामकाज पूरी तरह से शुरू करने के लिए कोई समय-सीमा नहीं बताई है।