इंदौर में ट्रैफिक पुलिस का एक्शन, सड़क पर अव्यवस्थित वाहन खड़े करने वालों पर चालानी कार्रवाई, ACP ने दी पूरी जानकारी

इंदौर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम लोगों को राहत देने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस ने अव्यवस्थित तरीके से सड़क किनारे खड़े किए जाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है। शहर के कई ऐसे इलाकों को चिन्हित किया गया जहां सड़क पर वाहनों के खड़े रहने से यातायात प्रभावित होता है। […]

Oct 1, 2026 - 18:30
इंदौर में ट्रैफिक पुलिस का एक्शन, सड़क पर अव्यवस्थित वाहन खड़े करने वालों पर चालानी कार्रवाई, ACP ने दी पूरी जानकारी

इंदौर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम लोगों को राहत देने के उद्देश्य से ट्रैफिक पुलिस ने अव्यवस्थित तरीके से सड़क किनारे खड़े किए जाने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है। शहर के कई ऐसे इलाकों को चिन्हित किया गया जहां सड़क पर वाहनों के खड़े रहने से यातायात प्रभावित होता है। साथ ही लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इन स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की टीम तैनात कर कार्रवाई की गई।

इंदौर ट्रैफिक पुलिस द्वारा पिछले एक सप्ताह के दौरान की गई कार्रवाई को लेकर ट्रैफिक एसीपी हिंदू सिंह मुवेल ने पूरी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एमवाय अस्पताल समेत शहर के प्रमुख क्षेत्रों में ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा और यात्री बसें अव्यवस्थित तरीके से खड़ी कर यातायात को प्रभावित करते हैं। इस दौरान पुलिस ने ऐसे वाहन चालकों को समझाइश देने के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालानी कार्यवाही की एवं जुर्माना भी वसूला है।

एक सप्ताह में 900 ऑटो, 300 ई-रिक्शा और 150 बसों पर कार्रवाई

एसीपी के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में करीब 9 सौ ऑटो रिक्शा, करीब 3 सौ ई रिक्शा एवं लगभग 150 बसों पर यह कार्यवाही की गई है। उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन के आसपास सड़क पर अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों के कारण यात्रियों और राहगीरों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

एसीपी ने बताया कि कई बार हमने देखा होगा कि कोई यात्री जब ट्रेन या बस पकड़ने के लिए समय पर पहुंचते हैं लेकिन सड़क पर यातायात प्रभावित होने के कारण उन्हें निकलने के लिये रास्ता तक नहीं मिला एवं अंत में उनकी गाड़ी छूट जाती है। जिससे यात्रियों को भी मायूस होना पड़ता है। वहीं, एमवाय अस्पताल के मुख्य द्वार के आसपास भी बड़ी संख्या में वाहनों के खड़े रहने से यातायात प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि कई बार यात्री बसें सड़क पर खड़ी होकर लगातार हॉर्न बजाती हैं और आगे-पीछे होती रहती हैं। इससे यातायात व्यवस्था बाधित होने के साथ ही अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

अभियान के लिए बनाई गईं पांच टीमें

पुलिस के अनुसार, सुबह 7 बजे से 11 बजे तक चिन्हित स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की टीमें कार्रवाई कर रही हैं। अभियान के लिए पांच टीमें बनाई गई हैं जिनके साथ दो इंस्पेक्टर भी तैनात रहते हैं। कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों से करीब 7 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया है। एसीपी ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए यह कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

 

इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट