‘कदम रखा तो सीधे फंदे पर लटकेंगी!’ शेख हसीना की वापसी की खबर पर नाहिद इस्लाम की खुली धमकी
बांग्लादेश की पूर्व पीएम शेख हसीना की दिसंबर में वतन वापसी की इच्छा पर छात्र नेता नाहिद इस्लाम ने दी सख्त चेतावनी। बोले- देश लौटने पर एयरपोर्ट से सीधे फांसी के तख्ते तक ले जाया जाएगा। ढाका में गरमाई राजनीति।
Dhaka: अगस्त 2024 के छात्र आंदोलन के बाद भारत में पनाह ले चुकीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश लौटने की इच्छा पर ढाका से बेहद तीखी प्रतिक्रिया आई है।
शेख हसीना द्वारा इस साल दिसंबर तक बांग्लादेश वापस लौटने के इरादे की खबरों के बीच, छात्र नेता और नेशनल सिटीजन पार्टी (NCP) के संयोजक नाहिद इस्लाम ने एक बड़ा और विवादित बयान देकर राजनीतिक माहौल गरमा दिया है।
एयरपोर्ट से सीधे फंदे तक का सफर
3 अगस्त को ढाका में एक सार्वजनिक कार्यक्रम में नाहिद इस्लाम ने दो टूक शब्दों में कहा कि अगर शेख हसीना देश की धरती पर कदम रखती हैं, तो उन्हें सीधे हवाई अड्डे से फांसी के तख्ते तक पहुंचाया जाएगा।
क्या भारत से राजनीति करेंगी शेख हसीना? मोदी सरकार ने थरूर समिति को दिया ये दो टूक जवाब
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर भावी राजनीतिक समझौते के तहत बीएनपी नेता तारिक रहमान भी दिल्ली से कोई डील करके हसीना को वापस लाते हैं, तब भी जुलाई आंदोलन के शहीदों के परिवार और जनता सड़कों पर डटे रहेंगे।
सरकार और व्यवस्था पर भी बोला हमला
नाहिद इस्लाम का यह रुख केवल शेख हसीना तक सीमित नहीं रहा; उन्होंने वर्तमान शासन व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका जन-आंदोलन सिर्फ किसी चेहरे को बदलने के लिए नहीं, बल्कि तानाशाही, रिश्वतखोरी और रंगदारी को खत्म करने के लिए था।
नाहिद के अनुसार, सरकार बदलने के महीनों बाद भी बांग्लादेश में बिजली, गैस की किल्लत, भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी जैसी जनसमस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
15 साल के शासन का नाटकीय अंत
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में छात्रों के प्रचंड विरोध-प्रदर्शन के बाद शेख हसीना के 15 साल लंबे शासन का अंत हुआ था। प्रदर्शनकारियों द्वारा प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने के बाद उन्हें सैन्य हेलीकॉप्टर से देश छोड़कर भारत आना पड़ा था। अब उनके लौटने की खबरों ने बांग्लादेश की राजनीति में एक बार फिर घमासान पैदा कर दिया है।