बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद मचा राजनीतिक घमासान, BJP और TMC आमने-सामने

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा का एक और मामला सामने आया है। दरअसल उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम (बरासत क्षेत्र) में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है, और राज्य की राजनीति में तीखी प्रतिक्रियाएं

May 7, 2026 - 08:30
बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद मचा राजनीतिक घमासान, BJP और TMC आमने-सामने

पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा का एक और मामला सामने आया है। दरअसल उत्तर 24 परगना जिले के मध्यग्राम (बरासत क्षेत्र) में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के पीए चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है, और राज्य की राजनीति में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

दरअसल चंद्रनाथ रथ को मध्यग्राम इलाके में गोली मारी गई। गोली लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें पास के डायवर्सिटी नर्सिंग होम ले जाया गया, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हत्या का आरोप तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश में जुटी है।

BJP ने TMC को जिम्मेदार ठहराया

भारतीय जनता पार्टी ने इस हत्या के लिए सीधे तौर पर तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया है। भाजपा नेता और नवनिर्वाचित विधायक कौस्तव बागची ने इस हमले को सुनियोजित बताया। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने चंद्रनाथ की कार का काफी देर तक पीछा किया और फिर उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। बागची ने इसे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की साजिश करार दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक अपराधियों की पहचान नहीं हो जाती, भाजपा चैन से नहीं बैठेगी और शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। भाजपा विधायक तरुणज्योति तिवारी ने भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने यह बड़ी गलती की है। भाजपा नेता कीया घोष ने चंद्रनाथ रथ के भवानीपुर चुनाव में शुभेंदु अधिकारी के लिए किए गए अथक परिश्रम का जिक्र किया, जहां शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी के खिलाफ ऐतिहासिक जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस गुस्से, हताशा और आक्रोश में आकर चंद्रनाथ को निशाना बनाया है। घोष ने तृणमूल को ‘लुटेरों और हत्यारों की पार्टी’ बताया और नई सरकार बनने के बाद दोषियों को बख्शे न जाने की बात कही।

TMC ने सीबीआई जांच की मांग की

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस ने इस घटना की निंदा की है और सीबीआई जांच की मांग की है। पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर मध्यग्राम में चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा की। साथ ही, पिछले तीन दिनों में भाजपा समर्थित उपद्रवियों द्वारा कथित तौर पर चुनावोत्तर हिंसा में तीन अन्य तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हत्या की भी निंदा की गई। तृणमूल कांग्रेस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है, जिसमें कोर्ट की निगरानी में सीबीआई जांच भी शामिल है, ताकि दोषियों की पहचान कर उन्हें सजा दिलाई जा सके। पार्टी ने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा और राजनीतिक हत्याओं का कोई स्थान नहीं है और दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए। तृणमूल सांसद सयानी घोष ने चंद्रनाथ रथ के साथ हुई घटना को बेहद चिंताजनक बताया। उन्होंने राजनीतिक और वैचारिक मतभेदों से परे, कानून व्यवस्था बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया और पुलिस प्रशासन से अपील की कि पिछले कुछ दिनों में हुई प्रत्येक हिंसा से जुड़े हर अपराधी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

राजनीतिक विश्लेषक तहसीन पूनावाला ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के मध्यग्राम के पास भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के सहायक चंद्रनाथ की गोली मारकर हत्या किए जाने की खबर सुनकर उनका दिल टूट गया है। उन्होंने इसे बेहद दुखद खबर और भारत के मूल्यों के खिलाफ बताया। पूनावाला ने गृह मंत्री अमित शाह से इस मामले की समीक्षा करने और दोषियों को सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने चंद्रनाथ के परिवार और शुभेंदु अधिकारी के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त कीं।

क्या बोले डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता?

इस मामले पर डीजीपी सिद्धनाथ गुप्ता ने कहा कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। अपराध में इस्तेमाल की गई गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। पता चला है कि उसकी नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई थी, और इस्तेमाल की गई नंबर प्लेट सिलीगुड़ी की एक गाड़ी की है, लेकिन यह फर्जी है। डीजीपी ने बताया कि घटनास्थल से कुछ खाली कारतूस और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अब तक मिली जानकारी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और फिलहाल इतनी ही जानकारी साझा की जा सकती है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है और हमलावरों की तलाश जारी है।