संजय राउत ने पार्टी से बगावत करने वाले सांसदों को दी गाली, सफाई में बोले- ये हमारी मराठी में ऐसे ही यूज होता है
महाराष्ट्र में शिवसेना यूबीटी (उद्धव बालासाहब ठाकरे) में फूट की खबरों के बीच पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत के बयान से सियासत में और उबाल आ गया है, दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में संजय राउत ने बगावत करने वाले सांसदों पर तीखा हमला बोला इतना ही नहीं उन्होंने उन्हें गाली भी दी
महाराष्ट्र में शिवसेना यूबीटी (उद्धव बालासाहब ठाकरे) में फूट की खबरों के बीच पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय राउत के बयान से सियासत में और उबाल आ गया है, दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में संजय राउत ने बगावत करने वाले सांसदों पर तीखा हमला बोला इतना ही नहीं उन्होंने उन्हें गाली भी दी … और मीडिया से कहा कि इसे कट नहीं करना, जब उनसे इस मामले में सफाई मांगी गई तो उन्होंने कहा ये कोई गाली नहीं है ये हमारी मराठी में ऐसे ही यूज होता है ये सामान्य भाषा है।
पश्चिम बंगाल में टीएमसी में टूट के बाद अब महाराष्ट्र में शिवसेना यूबीटी में टूट की खबरें मीडिया की सुर्खियाँ बनी हुई है, सियासी गलियारों में चर्चा है कि उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एक बार फिर उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका देने वाले हैं उनके 9 लोकसभा सांसदों में से 6 सांसद अब शिंदे के साथ आने वाले हैं इसे “ऑपरेशन टाइगर” नाम दिया जा रहा है। उद्धव ठाकरे गुट के जिन सांसदों के बगावत करने की बात सामने आ रही है उनमें ओमराजे निंबाळकर, संजय (बंडू) हरिभाऊ जाधव, नागेश पाटील आष्टीकर, संजय उत्तमराव देशमुख, संजय दीना पाटिल और भाऊसाहेब राजाराम वाकचौरे के नाम बताये जा रहे हैं।
इस घटनाक्रम के बाद पार्टी ने दिल्ली में आज एक प्रेस कांफ्रेंस की जिसमें 9 में से मात्र 3 लोकसभा सांसद अरविंद सावंत, राजाभाऊ वाजे और अनिल देसाई शामिल हुए उनके साथ वरिष्ठ नेता राज्यसभा सांसद संजय राउत भी थे, उन्होंने मीडिया के सवालों के जवाब दिए और बगावत करने वाले सांसदों पर करारा हमला बोला।
बगावत करने वाले सांसदों को संजय राउत ने दी गाली
संजय राउत ने कहा विधायक हों या सांसद ये पद आते जाते रहते हैं लेकिन हमें ये याद रखना चाहिए कि पार्टी ने हमें क्या दिया, बालासाहेब ठाकरे को याद करते हुए संजय राउत ने कहा उन्होंने हम सबको अपने बच्चों की तरह पाला-पोसा और उद्धव ठाकरे ने हमेशा हमें भाई की तरह प्यार दिया है। इसी दौरान संजय राउत ने पार्टी छोड़कर जाने वाले सांसदों को गाली दी… फिर कहा इसे कट नहीं करना … उन्होंने कहा ये लोग बेईमान है और बेईमानी इनके खून में हैं। संजय बोले मैं किसी पार्टी या व्यक्ति का नाम नहीं ले रहा।
राउत बोले – ये गाली नहीं, महाराष्ट्र में हमारी रेगुलर भाषा है
प्रेस के सामने अपनी ही पार्टी के सांसदों को गाली देने के सवाल पर ANI से बात करते हुए संजय राउत ने अभद्र भाषा के इस्तेमाल से साफ़ इंकार कर दिया, उन्होंने कहा ये हमारी मराठी में ऐसे ही यूज किया जाता है कोई गाली नहीं है … ये महाराष्ट्र में हमारी रेगुलर भाषा है, इसमें क्या गलत है, संजय राउत बोले मैं 40 साल से सामना का संपादक हूँ मुझे भाषा का ज्ञान है उन्होंने कहा जो जिस भाषा को समझता है उससे उसी भाषा में बात की जाती है।
लोकसभा स्पीकर से मिले शिवसेना उद्धव गुट के सांसद, दिया पत्र
उधर पार्टी सांसद अरविंद सावंत और अनिल देसाई ने लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मिलकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी संजय राउत भी उनके साथ थे, शिवसेना यूबीटी सांसदों ने स्पीकर को एक पत्र देते हुए कहा है कि यदि कोई एक गुट पार्टी से अलग होकर आता है तो उसे व्यवस्था देने से पहले हमसे पूछा जाए क्योंकि नियम कहता है कोई ग्रुप इस तरह से मर्ज नहीं हो सकता, संजय राउत ने कहा कि स्पीकर ने कहा इस मामले में नियम कानून का पालन किया जायेगा।