NEET परीक्षा के मद्देनज़र भोपाल रेल मंडल में भी अलर्ट जारी, अधिकारियों को मिले निर्देश
आगामी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) दिनांक 21 जून 2026 को आयोजित की जा रही है। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने यात्रियों एवं परीक्षार्थियों की सुविधा तथा सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक भीड़ प्रबंधन
आगामी राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) दिनांक 21 जून 2026 को आयोजित की जा रही है। परीक्षा में सम्मिलित होने वाले बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल ने यात्रियों एवं परीक्षार्थियों की सुविधा तथा सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक भीड़ प्रबंधन व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया है।
बड़ी संख्या में छात्र होंगे शामिल
पश्चिम मध्य रेलवे भोपाल मंडल के क्षेत्राधिकार में स्थित परीक्षा केन्द्रों वाले प्रमुख शहरों में भोपाल, अशोकनगर, गुना, होशंगाबाद एवं विदिशा शामिल हैं। इनमें सर्वाधिक परीक्षार्थी भोपाल (13,774) में परीक्षा देंगे। इसके अतिरिक्त गुना (1,839), विदिशा (1,709), होशंगाबाद (1,283) तथा अशोकनगर (865) में भी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आने की संभावना है।
परीक्षार्थियों की सुविधा हेतु भोपाल मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर व्यवस्थाएँ
स्टेशन परिसरों, प्रवेश एवं निकास द्वारों तथा प्लेटफार्मों पर विशेष भीड़ प्रबंधन व्यवस्था लागू रहेगी।
• वाणिज्यिक, रेलवे सुरक्षा बल एवं परिचालन कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी।
• यात्रियों के मार्गदर्शन हेतु घोषणा प्रणाली एवं पूछताछ काउंटर सक्रिय रहेंगे।
• कतार प्रबंधन एवं यात्रियों के सुचारु आवागमन के लिए आवश्यक बैरिकेडिंग एवं मार्गदर्शन व्यवस्था की जाएगी।
• परीक्षा केन्द्रों की ओर जाने वाले यात्रियों को आवश्यक जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
• किसी भी अप्रत्याशित भीड़ अथवा विशेष स्थिति से निपटने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित
भोपाल मंडल ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि परीक्षा दिवस पर परीक्षा केन्द्रों से जुड़े स्टेशनों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा ट्रेनों का संचालन समयानुसार बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएँ। परीक्षा केन्द्रों से होकर गुजरने वाली अथवा वहाँ रुकने वाली ट्रेनों की समयपालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
समय से पहले पहुंचे स्टेशन
रेल प्रशासन ने अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों से अनुरोध किया है कि वे यात्रा के लिए पर्याप्त समय लेकर स्टेशन पहुँचें, रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित एवं व्यवस्थित यात्रा में सहयोग प्रदान करें।