Bhopal Metro: अब शाम 5 बजे के बाद हर 15 मिनट में मिलेगी मेट्रो, 15 सितंबर से नई व्यवस्था लागू, देखें नया शेड्यूल
भोपाल मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए काम की खबर है। मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एमपीएमआरसीएल) ने राजधानी की मेट्रो ट्रेन की सेवा समय-सारणी में आंशिक बदलाव किया है, जो मंगलवार, 15 सितंबर से लागू होगी। नई व्यवस्था के तहत, सोमवार से शनिवार तक मेट्रो सेवा का संचालन सुबह 11:30 बजे से शाम […]
भोपाल मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए काम की खबर है। मध्यप्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (एमपीएमआरसीएल) ने राजधानी की मेट्रो ट्रेन की सेवा समय-सारणी में आंशिक बदलाव किया है, जो मंगलवार, 15 सितंबर से लागू होगी।
नई व्यवस्था के तहत, सोमवार से शनिवार तक मेट्रो सेवा का संचालन सुबह 11:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक होगा। रविवार और सार्वजनिक अवकाश वाले दिनों में भोपाल मेट्रो सेवा सुबह 11:30 बजे से रात 8:30 बजे तक मिलेगी। नई व्यवस्था में सुबह 11:30 बजे से शाम 5 बजे तक हर 30 मिनट में मेट्रो मिलेगी, जबकि शाम 5 बजे से 7:30 बजे तक हर 15 मिनट के अंतराल पर मेट्रो सेवा उपलब्ध रहेगी। इस बदलाव से शाम के समय मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी, उन्हें ज्यादा समय तक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
बता दें कि इससे पहले अगस्त 2026 में बदलाव किया गया था। इसके तहत यात्रियों को हर 15 मिनट में मेट्रो ट्रेन उपलब्ध कराने का फैसला किया गया था। सोमवार से शनिवार तक दोनों दिशाओं में 62 फेरे तय किए गए थे, जबकि रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिन मेट्रो को एक घंटे ज्यादा चलाने का निर्णय लिया गया था। अब 15 सितंबर से एक बार फिर पीक अवर्स में आंशिक संशोधन होने जा रहा है। हालांकि सोमवार से शनिवार तक मेट्रो का संचालन सुबह 11:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक पहले की तरह जारी रहेगा, लेकिन अलग-अलग समय में ट्रेनों के बीच अंतराल तय किया गया है।
Bhopal Metro Train New Timetable:
सोमवार से शनिवार (कुल 62 फेरे)
- समय: सुबह 11:30 बजे से शाम 7:30 बजे तक
- पहली मेट्रो: सुभाष नगर से सुबह 11:30 बजे, एम्स (AIIMS) से दोपहर 12:00 बजे
- अंतिम मेट्रो: सुभाष नगर से शाम 7:00 बजे और एम्स (AIIMS) से शाम 7:30 बजे
रविवार और सार्वजनिक अवकाश (कुल 70 फेरे)
- समय: सुबह 11:30 बजे से रात 8:30 बजे तक
- पहली मेट्रो: सुभाष नगर से सुबह 11:30 बजे, एम्स (AIIMS) से दोपहर 1:00 बजे (11: 30 से 1:00 बजे तक, हर 30 मिनट में)
- अंतिम मेट्रो: सुभाष नगर से रात 8:00 बजे, एम्स (AIIMS) से रात 8:30 बजे (1:00 बजे से रात 8:30 बजे तक, हर 15 मिनट में)