युवा संवाद: सीएम बोले- हमारा प्रयास है कि प्रदेश का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बने
हमने वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बने। यह बातें आज, रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के मानसरोवर डेंटल कॉलेज में पूज्य संत श्री दादागुरु महाराज जी के सान्निध्य
हमने वर्ष 2027 को ‘युवा वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। हमारा प्रयास है कि प्रदेश का युवा केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बने। यह बातें आज, रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल के मानसरोवर डेंटल कॉलेज में पूज्य संत श्री दादागुरु महाराज जी के सान्निध्य में आयोजित ‘युवा संवाद’ में युवाओं से संवाद के दौरान कहीं।
इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से सीधा भी संवाद किया, उनके विचार जाने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने भगवान राम, भगवान कृष्ण, चंद्रशेखर आजाद, भगत सिंह और सुभाष चंद्र बोस जैसे उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं ने इतिहास में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
युवा संवाद में छात्रों द्वारा उद्योग को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास, उनके कौशल को निखारने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग मिलकर काम कर रहे हैं। प्रदेश में उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं और सरकार इन सभी संभावनाओं को साकार करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। हैवी इंडस्ट्रीज के क्षेत्र में नई तकनीक के माध्यम से विकास की व्यापक संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जो लोग एमएसएमई या लघु एवं मध्यम उद्योग स्थापित करना चाहते हैं, उनके लिए सरकार बिजली, पानी, भूमि और आवश्यक पंजीयन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रयास है प्रदेश में अधिक से अधिक रोजगारपरक उद्योग स्थापित हों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
उनकी दिनचर्या और स्वास्थ्य को लेकर एक छात्र के सवाल पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि टाइम मैनेजमेंट हर व्यक्ति के लिए जरूरी है। सोना, खाना और आराम जितना जरूरी है, उतना ही व्यायाम और पढ़ाई भी है। उन्होंने बताया कि वह नियमित रूप से योग और व्यायाम करते हैं और उन्हें डायबिटीज या हार्ट की बीमारी नहीं है तथा आंखों पर चश्मा भी नहीं है। उन्होंने युवाओं से अपनी दिनचर्या में योग और शारीरिक गतिविधियों को शामिल करने की अपील की।