ग्वालियर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 57 लीटर अवैध शराब जब्त, 2300 किलो गुड़ लहान मौके पर किया नष्ट

ग्वालियर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में आज रविवार को आबकारी विभाग की टीम ने भितरवार और मोहना क्षेत्र में दबिश देकर 57.60 बल्क लीटर अवैध हाथ भट्टी शराब जब्त की। वहीं अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जा […]

Sep 13, 2026 - 21:30
ग्वालियर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 57 लीटर अवैध शराब जब्त, 2300 किलो गुड़ लहान मौके पर किया नष्ट

ग्वालियर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में आज रविवार को आबकारी विभाग की टीम ने भितरवार और मोहना क्षेत्र में दबिश देकर 57.60 बल्क लीटर अवैध हाथ भट्टी शराब जब्त की। वहीं अवैध शराब निर्माण में इस्तेमाल किए जा रहे 2300 किलोग्राम गुड़ लहान को मौके पर नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

कलेक्टर ग्वालियर रुचिका चौहान के आदेश के बाद आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देश पर ग्वालियर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने भितरवार और मोहना क्षेत्र में कार्रवाई की।

भितरवार में महिला के कब्जे से 57.60 लीटर अवैध शराब बरामद

आबकारी टीम ने भितरवार क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 04, नर्सरी के पास दबिश दी। यहां रेशमा कंजर पत्नी राजकुमार कंजर के पास से प्लास्टिक की तीन बोरियों में रखी 57.60 बल्क लीटर अवैध हाथ भट्टी शराब आबकारी टीम ने जब्त की। टीम ने आरोपी महिला के विरुद्ध आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया।

मोहना में 2300 किलो गुड़ लहान जब्त

इसी तरह मोहना क्षेत्र में आबकारी टीम ने अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार किए जा रहे 2300 किलोग्राम गुड़ लहान को बरामद किया। टीम ने लहान का सैंपल लिया और शेष लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया है।

आबकारी विभाग के अनुसार, बरामद शराब और नष्ट किये गए गुड़ लहान की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 42 हजार रुपये आंकी गई है। आबकारी विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, संग्रहण और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

ग्वालियर से अतुल सक्सेना की रिपोर्ट

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।