ग्वालियर पुलिस ने दो तस्कर किये गिरफ्तार, बैग में छिपाकर ले जा रहे 1.60 लाख रुपये का अवैध गांजा जब्त
अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ प्रदेश में चलाये जा आरहे अभियान के तहत ग्वालियर में भी पुलिस मुस्तैद है और लगातार संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर बनाये हुए है, इसी क्रम में जिले की सीमा पर बसे महाराजपुरा थाना की बरेठा पुलिस चौकी ने दो तस्करों को अवैध गांजे के साथ पकड़ा है, इनके […]
अवैध शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ प्रदेश में चलाये जा आरहे अभियान के तहत ग्वालियर में भी पुलिस मुस्तैद है और लगातार संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर बनाये हुए है, इसी क्रम में जिले की सीमा पर बसे महाराजपुरा थाना की बरेठा पुलिस चौकी ने दो तस्करों को अवैध गांजे के साथ पकड़ा है, इनके पास से जब्त गांजे की कीमत 1 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बीती शाम थाना महाराजपुरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति लक्ष्मणगढ़ पुल के पास आगरा-झांसी हाईवे पर अवैध मादक पदार्थ लेकर किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर बरेठा चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को लक्ष्मणगढ़ पुल के पास बांके बिहारी धाम कॉलोनी के पास दो संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिए। एक के हाथ में ग्रे रंग का ट्रॉली बैग और दूसरे के पास मूंगिया ग्रीन रंग का पिट्ठू बैग था। पुलिस को देखते ही दोनों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
एक आरोपी टीकमगढ़ का दूसरा झाँसी का
पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम रवि जोशी निवासी ग्राम महेबा, थाना चंदेरा, जिला टीकमगढ़ और अनिल जोशी निवासी बड़ा बाजार, थाना कोतवाली, झांसी (उत्तर प्रदेश) बताए। पुलिस ने दोनों के बैगों की तलाशी ली तो डबल पारदर्शी पन्नियों में गांजा रखा मिला। तौल कराने पर कुल 16.256 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ जिसकी कीमत 1 लाख 60 हजार रुपये बताई गई है, पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर गांजा और बैग जब्त कर लिए हैं।
आरोपियों के नेटवर्क तलाश रही पुलिस
महाराजपुरा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से गांजे की तस्करी और इसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।