इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां तेज, राहुल गांधी से सीधे संवाद करेंगे छात्र-युवा, रजिस्ट्रेशन के लिए QR कोड जारी

इंदौर: लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब 19 सितंबर को इंदौर में होने जा रहा है। विभिन्न शहरों में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम को लेकर इंदौर में सियासी हलचल तेज हो गई है। राहुल गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं […]

Sep 4, 2026 - 16:30
इंदौर में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां तेज, राहुल गांधी से सीधे संवाद करेंगे छात्र-युवा, रजिस्ट्रेशन के लिए QR कोड जारी

इंदौर: लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम अब 19 सितंबर को इंदौर में होने जा रहा है। विभिन्न शहरों में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम को लेकर इंदौर में सियासी हलचल तेज हो गई है। राहुल गांधी के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं और पार्टी संगठन पूरी ताकत से जुट गया है।

बता दें कि 19 सितंबर को ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होने वाले युवाओं के रजिस्ट्रेशन के लिए QR कोड जारी कर दिया गया है। इस संबंध में मध्यप्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया एक्स पर इसकी जानकारी दी। कांग्रेस का कहना है कि शुक्रवार से कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता छात्रों व युवाओं के बीच पहुंचकर रजिस्ट्रेशन अभियान शुरू करेंगे। इसके लिए घर-घर जाकर भी युवाओं और छात्रों का पंजीयन कराया जाएगा।

बारकोड के जरिए होगा रजिस्ट्रेशन

कांग्रेस के अनुसार,  इंदौर में होने वाले राहुल गांधी के संवाद कार्यक्रम में शामिल होने के इच्छुक युवाओं का ही पंजीयन किया जाएगा। इसके लिए पार्टी की ओर से जारी QR कोड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। कांग्रेस ने इस अभियान के जरिए अधिक से अधिक युवाओं और छात्रों को जोड़ने का लक्ष्य तय किया है।

छात्रों को सवाल पूछने और अपनी बात रखने का मिलेगा मौका

कांग्रेस का कहना है कि राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से जुड़े सवालों को राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बनाने के उद्देश्य से संवाद कर रहे हैं। कार्यक्रम में छात्रों को अपनी बात रखने और शिक्षा व भविष्य से जुड़े सवालों पर खुलकर चर्चा का अवसर दिया जाएगा।

कांग्रेस का कहना है कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठाया जाएगा। पार्टी नेताओं के मुताबिक देशभर में छात्रों की समस्याओं और उनकी आवाज से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस यह अभियान चला रही है। इसी अभियान के तहत राहुल गांधी कई शहरों में कार्यक्रम कर चुके हैं और अब इंदौर में भी कार्यक्रम होने जा रहा है।