इंदौर में कांग्रेस के “छात्रों की गूँज” पर घमासान, जीतू पटवारी ने सीएम मोहन यादव से मांगी नेहरू स्टेडियम की अनुमति
इंदौर में कांग्रेस के प्रस्तावित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम को लेकर अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर 12 सितंबर को इंदौर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति देने की मांग की है। कार्यक्रम में लोकसभा […]
इंदौर में कांग्रेस के प्रस्तावित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम को लेकर अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर 12 सितंबर को इंदौर के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति देने की मांग की है। कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विद्यार्थियों और युवाओं से संवाद प्रस्तावित है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने सीएम को संबोधित करते हुए कहा है कि “यह कार्यक्रम राजनीतिक दल का प्रचार नहीं, यह देश के भविष्य, हमारे युवाओं, उनके सपनों और शिक्षा के अधिकार से जुड़ा संवाद है। इसलिए, मैं नियम-कायदे की आड़ में इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को रोकने की बहस और बयानबाजी में भी नहीं पड़ना चाहता।” उन्होंने कहा कि सरकार विषय की गंभीरता और राष्ट्रीय महत्व को समझे और इंदौर के नेहरू स्टेडियम को “छात्रों की गूंज” के लिए उपलब्ध करवाए।
क्या है मामला
बता दें कि कांग्रेस ने 12 सितंबर के कार्यक्रम के लिए नगर निगम से नेहरू स्टेडियम की अनुमति मांगी है। लेकिन इसे लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। स्टेडियम में नियमित खेल गतिविधियां संचालित होने के कारण इसके इस्तेमाल को लेकर आपत्तियां भी सामने आई हैं। इसी वजह से आयोजन स्थल को लेकर असमंजस बना हुआ है। कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल से मुलाकात कर चुका है और 8 से 12 सितंबर तक स्टेडियम उपलब्ध कराने की मांग कर चुका है।
जीतू पटवारी ने सीएम से की मांग
इस मामले पर जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि कांग्रेस को आयोजन के लिए स्टेडियम की अनुमति दी जाए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन सामान्य राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के भविष्य, युवाओं के सपनों, शिक्षा के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित जनसंवाद है। कांग्रेस नेता ने कहा है कि आज देश का युवा शिक्षा, रोजगार, अवसर और बेहतर भविष्य को लेकर कई सवालों के साथ खड़ा है। युवाओं के सपनों को मजबूत आधार देने के लिए गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित शिक्षा जरूरी है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के सपने तभी सुरक्षित रहेंगे, जब शिक्षा सुरक्षित रहेगी और शिक्षा बचेगी, तभी देश का भविष्य बचेगा। जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव को संबोधित करते हुए कहा है कि कांग्रेस के प्रस्ताव पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं और 12 सितंबर के “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम उपलब्ध कराने की अनुमति दी जाए।
मुख्यमंत्री जी,
इंदौर के नेहरू स्टेडियम में “छात्रों की गूंज” का आयोजन गैर-राजनीतिक, शिक्षा के अधिकार और सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित, एक सार्थक जनसंवाद है!कृपया प्राथमिकता से स्थान उपलब्ध करवाएं!@DrMohanYadav51 pic.twitter.com/Mj1LO7snsx
— Jitendra (Jitu) Patwari (@jitupatwari) September 2, 2026