इंदौर में गुंडे-बदमाशों पर कमिश्नर की सख्त कार्रवाई, रातभर चली कॉम्बिंग गश्त में 652 पर कसा शिकंजा
इंदौर में अपराध और गुंडागर्दी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। दरअसल उन्होंने पुलिस अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि शहर में गुंडे-बदमाशों को किसी भी हालत में नहीं छोड़ा जाए। इसी के चलते 6 और 7 जून 2026 की रात इंदौर के चारों
इंदौर में अपराध और गुंडागर्दी पर लगाम लगाने के लिए पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। दरअसल उन्होंने पुलिस अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि शहर में गुंडे-बदमाशों को किसी भी हालत में नहीं छोड़ा जाए। इसी के चलते 6 और 7 जून 2026 की रात इंदौर के चारों जोन में बड़ा कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। रातभर चले इस अभियान में पुलिस की कई टीमें अलग-अलग थाना क्षेत्रों में उतरीं और गुंडे-बदमाशों, असामाजिक तत्वों और संदिग्ध लोगों की जांच की गई। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की मौजूदगी में भारी पुलिस बल ने पूरे शहर में निगरानी रखी और ताबड़तोड़ कार्रवाई की।
वहीं इस पूरे अभियान की निगरानी खुद पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह कर रहे थे। अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 1348 संदिग्ध बदमाशों की जांच की। इनमें से 652 लोगों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की गई। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों पर भी शिकंजा कसा। अलग-अलग मामलों में 257 से ज्यादा वारंट तामील किए गए। इनमें 100 स्थायी वारंट, 72 गिरफ्तारी वारंट और 85 जमानती वारंट शामिल रहे। इसके अलावा 140 समंस भी तामील कराए गए।
शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई
शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। पुलिस आयुक्त ने ऐसे लोगों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए थे। इसके बाद 220 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने साफ कहा है कि शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि सड़क हादसों को रोका जा सके और लोगों की जान सुरक्षित रहे।
शराब पीने वाले 23 लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई
दरअसल नशे और अवैध गतिविधियों के खिलाफ भी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया। अवैध मादक पदार्थ का सेवन करने वाले 3 लोगों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया। वहीं सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने वाले 23 लोगों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। अवैध हथियार रखने वालों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई। सदर बाजार, लसूड़िया, बाणगंगा और सराफा थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को चाकू के साथ पकड़ा गया और उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किए गए।
वहीं आदतन अपराधियों पर विशेष नजर रखते हुए पुलिस ने 145 बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। कई लोगों को समंस देकर थाने बुलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने शहर के हॉटस्पॉट और शैडो एरिया में ड्रोन से भी निगरानी की। इस कॉम्बिंग गश्त में 283 गुंडे-बदमाश, 74 नकबजन, 43 लुटेरे, 102 चाकूबाज, 139 निगरानीशुदा बदमाश और 62 जिलाबदर तथा रासुका के अपराधियों की जांच की गई। इसके अलावा महिला अपराध, आगजनी और तोड़फोड़ जैसे मामलों में शामिल 703 से ज्यादा बदमाशों पर कार्रवाई करते हुए उन्हें भविष्य में अपराध नहीं करने की सख्त चेतावनी दी गई।
इंदौर से शकील अंसारी की रिपोर्ट