Pakistan Cricket Fixing: 2010 की स्पॉट फिक्सिंग की यादें ताजा; इंग्लैंड दौरे पर PCB का बड़ा एक्शन, खिलाड़ियों के फोन जब्त
जांच के दौरान कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। दावा किया जा रहा है कि अंतिम टेस्ट मैच के बाद ही खिलाड़ियों को फोन वापस किए जाएंगे। हालांकि अभी तक उन खिलाड़ियों के नाम सामने नहीं आए हैं, जिनके खिलाफ जांच की जा रही है।
नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट एक बार फिर फिक्सिंग विवाद के साए में नजर आ रहा है। इंग्लैंड दौरे के दौरान अनुशासनहीनता और खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर बढ़ती मीडिया रिपोर्ट्स के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है।
हालांकि PCB ने अपने आधिकारिक बयान में किसी खिलाड़ी या किसी विशेष घटना का नाम नहीं लिया है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कुछ पाकिस्तानी क्रिकेटरों पर फिक्सिंग से जुड़े संदेह जताए गए हैं।
अनुशासन तोड़ने के आरोपों की जांच
PCB के मीडिया निदेशक हामिद मीर ने बताया कि मीडिया में सामने आई अनुशासन और व्यवहार संबंधी खबरों के बाद बोर्ड ने आंतरिक अनुशासनात्मक जांच शुरू की है।
उन्होंने कहा कि PCB अपने नियमों और तय प्रक्रिया के तहत ऐसे मामलों को देखता है, ताकि संबंधित सभी पक्षों की उचित समीक्षा की जा सके।
खिलाड़ियों के फोन जब्त होने की खबर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच के दौरान कुछ पाकिस्तानी खिलाड़ियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। दावा किया जा रहा है कि अंतिम टेस्ट मैच के बाद ही खिलाड़ियों को फोन वापस किए जाएंगे।
हालांकि अभी तक उन खिलाड़ियों के नाम सामने नहीं आए हैं, जिनके खिलाफ जांच की जा रही है।
लगातार हार के बाद टीम में बड़े बदलाव
इंग्लैंड दौरे पर लगातार दो टेस्ट मैचों में शर्मनाक हार के बाद पाकिस्तान टीम में बड़े बदलाव किए गए थे। रिपोर्ट्स के अनुसार, सात खिलाड़ियों को दौरे के बीच से बाहर कर दिया गया था।
उनकी जगह भेजे गए खिलाड़ियों में पांच ऐसे खिलाड़ी शामिल थे, जिन्होंने अभी तक सीनियर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू भी नहीं किया था।
2010 की स्पॉट फिक्सिंग की यादें ताजा
इस पूरे विवाद ने एक बार फिर 2010 के लॉर्ड्स स्पॉट फिक्सिंग कांड की याद दिला दी है। इसी मैदान पर तत्कालीन पाकिस्तान कप्तान सलमान बट, मोहम्मद आसिफ और मोहम्मद आमिर स्पॉट फिक्सिंग मामले में फंसे थे।
उस घटना ने पाकिस्तान क्रिकेट की छवि को बड़ा नुकसान पहुंचाया था। अब एक बार फिर उसी मैदान पर हुए मुकाबले के बाद उठे सवालों ने पाकिस्तान क्रिकेट में हलचल बढ़ा दी है।