इंदौर में व्हाट्सएप लिंक से निवेश के नाम पर 6 लाख से ज्यादा की साइबर ठगी, दोगुना मुनाफा दिखाकर दिया लालच
इंदौर में साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला शहर के विजय नगर इलाके का है, जहां एक निजी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी से निवेश के नाम पर 6.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी हो गई। ठगों ने पीड़ित को व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से
इंदौर में साइबर अपराधी लगातार नए-नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। ताजा मामला शहर के विजय नगर इलाके का है, जहां एक निजी कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी से निवेश के नाम पर 6.20 लाख रुपये की धोखाधड़ी हो गई। ठगों ने पीड़ित को व्हाट्सएप पर एक अनजान नंबर से लिंक भेजकर अपने जाल में फंसाया।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित को व्हाट्सएप पर एक लिंक मिला, जिसमें कम समय में निवेश की गई रकम को दोगुना और तिगुना करने का वादा किया गया था। बेहतर रिटर्न की उम्मीद में पीड़ित ने लिंक पर क्लिक कर निवेश करना शुरू कर दिया।
विश्वास जीतने के लिए दिखाया नकली मुनाफा
साइबर ठगों ने शुरुआत में पीड़ित का भरोसा जीतने के लिए उसके वर्चुअल खाते में निवेश पर मुनाफा दिखाया। जब पीड़ित को दिखने लगा कि उसकी रकम बढ़ रही है, तो उसने और पैसे लगा दिए। यह सिलसिला तब तक चलता रहा जब तक कि उसने कुल 6 लाख 20 हजार रुपये का निवेश नहीं कर दिया। लेकिन जब पीड़ित ने अपनी बढ़ी हुई रकम निकालने की कोशिश की, तो वह ऐसा नहीं कर सका।
इसके बाद उसे एहसास हुआ कि वह एक बड़े ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार हो चुका है। ठगों ने उसके बाद उससे संपर्क भी बंद कर दिया।
पुलिस ने शुरू की तकनीकी जांच
धोखाधड़ी का एहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत विजय नगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और धोखाधड़ी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि जिस व्हाट्सएप नंबर से लिंक भेजा गया था और जिन बैंक खातों में पैसा ट्रांसफर किया गया था, उनकी तकनीकी जांच की जा रही है ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे अनजान लिंक पर क्लिक करने और त्वरित मुनाफे के लालच में आने से बचें।