मध्य प्रदेश: निकाय-पंचायत उपचुनाव की तारीखों का ऐलान, 29 सितंबर को मतदान, इस दिन आएंगे नतीजे

राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायतों के उपचुनाव 2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। कार्यक्रम के तहत, चुनाव की प्रक्रिया 8 सितंबर से नामांकन के साथ शुरू होगी। 29 सितंबर 2026 को मतदान होगा। नगरीय निकायों के नतीजे 3 अक्टूबर को आएंगे, जबकि पंचायतों के परिणाम पद के अनुसार 3 […]

Sep 1, 2026 - 08:30
मध्य प्रदेश: निकाय-पंचायत उपचुनाव की तारीखों का ऐलान, 29 सितंबर को मतदान, इस दिन आएंगे नतीजे

राज्य निर्वाचन आयोग ने नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायतों के उपचुनाव 2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। कार्यक्रम के तहत, चुनाव की प्रक्रिया 8 सितंबर से नामांकन के साथ शुरू होगी। 29 सितंबर 2026 को मतदान होगा। नगरीय निकायों के नतीजे 3 अक्टूबर को आएंगे, जबकि पंचायतों के परिणाम पद के अनुसार 3 और 5 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

सचिव राज्य निर्वाचन आयोग दिनेश श्रीवास्तव ने बताया कि उपचुनाव के लिए निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन और नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने का कार्य 8 सितम्बर 2026 से शुरू होगा। नाम निर्देशन पत्र 15 सितम्बर तक लिये जायेंगे, नाम निर्देशन पत्रों की जांच 16 सितम्बर को होगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 18 सितम्बर है। इसी दिन निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन होगा।

उन्होंने बताया कि नगरीय निकायों में मतदान 29 सितम्बर को सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा। मतगणना और निर्वाचन परिणामों की घोषणा 3 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से होगी। पंचायतों में मतदान 29 सितम्बर को सुबह 7 से अपरान्ह 3.00 बजे तक होगा। पंच पद के लिये मतगणना मतदान के तुरंत बाद मतदान केन्द्र पर ही होगी।

सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की विकास खण्ड मुख्यालय पर ई.व्ही.एम. से की जाने वाली मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से होगी। इसी दिन सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य के निर्वाचन परिणामों की घोषणा की जायेगी। जिला पंचायत सदस्यों एवं पंच पद के लिए परिणामों की घोषणा 5 अक्टूबर 2026 को प्रात: 10.30 बजे से की जायेगी।

कहां-कहां होंगे उपचुनाव

  • जिला आगर-मालवा की नगर परिषद सुसनेर, टीकमगढ़ जिले की नगरपालिका परिषद टीकमगढ़ और धार जिले की नगर परिषद कुक्षी के अध्यक्ष पद का निर्वाचन और विभिन्न नगरीय निकायों में 26 पार्षदों के लिये उप निर्वाचन होगा।
  • नगरपालिक निगम इंदौर के वार्ड 58, 60, नगरपालिक निगम ग्वालियर के वार्ड 5, नगरपालिक निगम सागर के वार्ड 11, नगरपालिक निगम कटनी के वार्ड 41, नगरपालिक निगम खण्डवा के वार्ड 34, नगरपालिक निगम के वार्ड 47, नगरपालिका परिषद दमोह के वार्ड 12, इटारसी के वार्ड 30, मुलताई के वार्ड 4, दतिया के वार्ड 1, कोतमा के वार्ड 13, आष्टा के वार्ड 4 और नगरपालिका परिषद विदिशा के वार्ड 26 के पार्षद का उप निर्वाचन होगा।
  • नगर परिषद फूफ के वार्ड 8, चाकघाट के वार्ड 2, लोहारदा के वार्ड 10, कोटर के वार्ड 8, जैतवारा के वार्ड 10, सिलवानी के वार्ड 3, बड़ोदा के वार्ड 14, बरघाट के वार्ड 6, कसरावद के वार्ड 8, पिपलिया मण्डी के वार्ड 15, निवाली बुजुर्ग के वार्ड 7 और नगर परिषद कुक्षी के वार्ड 14 के लिये उप निर्वाचन होगा।
  • पंचायत उप निर्वाचन के तहत जिला पंचायत सदस्य के 7, जनपद पंचायत सदस्य के 28, सरपंच के 110 और 4090 पंच पद के लिये उप निर्वाचन होगा।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।