MP News : आईजी कांफ्रेंस में सीएम डॉ मोहन यादव के निर्देश, साइबर अपराधों की रोकथाम और जनजागरूकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज पुलिस मुख्यालय भोपाल में आईजी कांफ्रेंस का शुभारंभ किया, उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा मध्यप्रदेश पुलिस ने हमारी सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं , नक्सलवाद को जड़ से खत्म कर सुशासन की मिसाल पेश करने वाला
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने आज पुलिस मुख्यालय भोपाल में आईजी कांफ्रेंस का शुभारंभ किया, उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा मध्यप्रदेश पुलिस ने हमारी सरकार के ढाई साल के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल कीं , नक्सलवाद को जड़ से खत्म कर सुशासन की मिसाल पेश करने वाला पहला राज्य बना है मध्यप्रदेश, उन्होंने निर्देश दिए कि साइबर अपराधों की रोकथाम और जनजागरूकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और कानून-व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास बनाए रखना पुलिस का पहला दायित्व है। उन्होंने निर्देश दिए कि पीड़ितों के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करते हुए उनके हितों की रक्षा के लिए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सीएम डॉ मोहन यादव ने पुलिस को दिए ये निर्देश
डॉ मोहन यादव ने कहा सिंहस्थ-2028 जैसे वैश्विक आयोजन में मध्यप्रदेश पुलिस को अपनी उत्कृष्ट सेवा, सतर्कता और समर्पण का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए, जो देश-दुनिया के लिए प्रेरणा बने। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम, सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने, मानव तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण और महिला एवं बाल सुरक्षा के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस के प्रयासों से लाल सलाम को आखिरी सलाम
मुख्यमंत्री ने पुलिस की कार्यवाहियों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की गई हैं। पुलिस के अथक प्रयासों से मध्यप्रदेश की धरती से लाल सलाम को आखिरी सलाम किया गया। डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में प्रदेश की धरती से नक्सलवाद का पूरी तरह सफाया कर दिया गया है। प्रदेश सरकार ने सुशासन की मिसाल प्रस्तुत की है। मध्यप्रदेश, नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने वाला देश का पहला राज्य बना है।
हमें MP Police और सुरक्षाबलों पर गर्व है
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसी अनेकों उपलब्धियों के लिए आज प्रदेशवासी मध्यप्रदेश पुलिस और सुरक्षाबलों पर गर्व करते हैं। उन्होंने प्रदेश में संचालित नशामुक्ति अभियान की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आमजन की सहभागिता से व्यापक जनजागरण अभियान संचालित किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने के लिए जागरूकता, संवाद और सामुदायिक भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।