MP Weather: आज 19 जिलों में भारी बारिश, शिवपुरी- श्योपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी, ग्वालियर समेत इन जिलों में स्कूल की छुट्टी

भोपाल। मध्य प्रदेश में भारी बारिश का दौर एक बार फिर जनजीवन पर असर डाल रहा है। मौसम विभाग ने 5 सितंबर के लिए शिवपुरी और श्योपुर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड सहित प्रदेश के 17 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम […]

Sep 5, 2026 - 10:30
MP Weather: आज 19 जिलों में भारी बारिश, शिवपुरी- श्योपुर में ऑरेंज अलर्ट जारी, ग्वालियर समेत इन जिलों में स्कूल की छुट्टी

भोपाल। मध्य प्रदेश में भारी बारिश का दौर एक बार फिर जनजीवन पर असर डाल रहा है। मौसम विभाग ने 5 सितंबर के लिए शिवपुरी और श्योपुर में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड सहित प्रदेश के 17 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। मौसम को देखते हुए ग्वालियर, गुना, श्योपुर, पन्ना, भिंड और मुरैना में विद्यार्थियों के लिए स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है।

ग्वालियर में अत्यधिक बारिश की संभावना को देखते हुए 5 सितंबर को नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा। यह आदेश सरकारी, अशासकीय, CBSE, ICSE, माध्यमिक शिक्षा मंडल और अन्य बोर्ड से जुड़े स्कूलों पर लागू होगा। हालांकि शिक्षक और स्टाफ निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचेंगे और पहले से तय परीक्षाएं एवं महत्वपूर्ण गतिविधियां यथावत संचालित होंगी।

गुना-श्योपुर में 12वीं तक छुट्टी

गुना में अतिवृष्टि की संभावना को देखते हुए नर्सरी से कक्षा 12वीं तक संचालित सरकारी और अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए 5 सितंबर का अवकाश घोषित किया गया है।

श्योपुर में भी लगातार हो रही अत्यधिक बारिश को देखते हुए नर्सरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी गई है। यहां सरकारी, अशासकीय और अनुदान प्राप्त विद्यालयों में विद्यार्थियों का अवकाश रहेगा। शिक्षक और कर्मचारी स्कूल पहुंचकर अपने निर्धारित काम करेंगे, जबकि पहले से तय परीक्षाएं जारी रहेंगी।

पन्ना-भिंड में भी विद्यार्थियों की छुट्टी

पन्ना जिले में भी 5 सितंबर को विद्यार्थियों के लिए स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं भिंड में नर्सरी से कक्षा 8वीं तक के विद्यार्थियों की छुट्टी रहेगी। भिंड का आदेश सरकारी, अशासकीय, CBSE, ICSE, माध्यमिक शिक्षा मंडल और अन्य बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों पर लागू होगा।

मुरैना में स्कूलों के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में भी अवकाश

मुरैना में मौसम विभाग के पूर्वानुमान और अंचल में अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए 5 सितंबर को जिले के सभी सरकारी और अशासकीय विद्यालयों के साथ आंगनवाड़ी केंद्रों में भी अवकाश घोषित किया गया है।

शिवपुरी-श्योपुर में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 5 सितंबर को शिवपुरी और श्योपुर में कहीं-कहीं अति भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की आशंका है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

वहीं विदिशा, राजगढ़, शाजापुर, आगर, मंदसौर, गुना, अशोकनगर, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, सतना, पन्ना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में कहीं-कहीं भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात का यलो अलर्ट है। यहां भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है।

7-8 सितंबर तक जारी रहेगा बारिश का दौर

मौसम विज्ञान केंद्र, भोपाल के मुताबिक वर्तमान में मध्य प्रदेश के उत्तरी मध्य भागों और उससे सटे दक्षिणी उत्तर प्रदेश के ऊपर स्थित चिन्हित निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर स्थित है। इसके अगले 24 घंटों के दौरान इसी क्षेत्र में लगभग स्थिर रहने की संभावना है। फिलहाल 7-8 सितंबर तक बारिश का दौर जारी रहेगा। 6 सितंबर को ग्वालियर-चंबल, सागर और उज्जैन संभाग के कई जिलों में भारी बारिश का असर बना रहेगा। इसके अलावा 7 और 8 सितंबर को कुछ इलाकों में तेज बारिश का दौर तो अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।