MP Weather Update: आज जबलपुर-मंडला समेत इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, भोपाल-इंदौर में रिमझिम, 3 दिन ऐसा ही रहेगा मौसम
मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय है, जिसका ज्यादा असर पूर्वी हिस्से में देखने को मिल रहा है। मानसून द्रोणिका और निम्न दाब क्षेत्र के प्रभाव से फिलहाल 18 अगस्त तक जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में बारिश का दौर जारी रहने वाला है। इस दौरान कई जिलों में बिजली गिरने के साथ 30 से 40
मध्य प्रदेश में मानसून सक्रिय है, जिसका ज्यादा असर पूर्वी हिस्से में देखने को मिल रहा है। मानसून द्रोणिका और निम्न दाब क्षेत्र के प्रभाव से फिलहाल 18 अगस्त तक जबलपुर, रीवा और शहडोल संभाग में बारिश का दौर जारी रहने वाला है। इस दौरान कई जिलों में बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
साथ ही भोपाल और ग्वालियर-चंबल संभाग में बादल छाने के साथ रिमझिम बारिश होने की संभावना है। 19 अगस्त से बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी हालांकि कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। बीते एक हफ्ते में हुई बारिश सोयाबीन, धान समेत अन्य खरीफ फसलों के लिए अच्छी रही। साथ ही कोलार, बाणसागर, कुंडालिया, बरना, ओंकारेश्वर, इंदिरा सागर, गांधीसागर, तिघरा समेत कई डैम में भी जलस्तर बढ़ा है।
रविवार को मध्य प्रदेश में कहां-कहां होगी बारिश
- जबलपुर, सागर, नरसिंहपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी, पन्ना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, रायसेन और नर्मदापुरम में तेज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
- बैतूल, सतना, छिंदवाड़ा, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा, भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़, हरदा, देवास, शाजापुर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना और श्योपुर में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में अब भी 3 इंच बारिश कम हुई
मध्य प्रदेश में 1 जून से 15 अगस्त 2026 के बीच औसत से करीब 12 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। प्रदेश में अब तक करीब 21.4 इंच (544.4 मिलीमीटर) बारिश हुई है जबकी 24.4 इंच (618.8 मिलीमीटर) बारिश होनी चाहिए थी। इस हिसाब से 3 इंच पानी कम गिरा है।
पूर्वी मध्य प्रदेश औसत से 18% और पश्चिमी मध्य प्रदेश औसत से 6% कम पानी गिरा है। 43 जिलों में अब भी सामान्य से कम बारिश हुई है, सिर्फ प्रदेश के भोपाल, गुना, सीहोर, राजगढ़, ग्वालियर, अनूपपुर, भिंड, बुरहानपुर, देवास, बड़वानी, खंडवा और खरगोन जिलों में ही सामान्य से अधिक पानी गिरा है।