राहुल गांधी के सामने भावुक हुए सुसाइड करने वाली NEET छात्रा के पिता, संसद में आवाज उठाने की लगाई गुहार

नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों का गुस्सा उबाल पर है, और इसी बीच देहरादून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में एक भावुक कर देने वाला पल सामने आया है। दरअसल इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने पेपर लीक होने के बाद आत्महत्या करने वाली छात्रा

Jul 17, 2026 - 22:30
राहुल गांधी के सामने भावुक हुए सुसाइड करने वाली NEET छात्रा के पिता, संसद में आवाज उठाने की लगाई गुहार

नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में छात्रों का गुस्सा उबाल पर है, और इसी बीच देहरादून में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में एक भावुक कर देने वाला पल सामने आया है। दरअसल इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने पेपर लीक होने के बाद आत्महत्या करने वाली छात्रा रिया कुमारी के पिता राजेश मल्ल को मंच पर आमंत्रित किया। मंच पर आते ही रिया के पिता राजेश मल्ल गहरे भावुक हो गए। उन्होंने अपनी बेटी की कहानी सुनाते हुए राहुल गांधी से संसद में इस मुद्दे को उठाने की मार्मिक अपील की, जिसके बाद पूरा माहौल गमगीन हो गया।

दरअसल कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक ने नीचे से ऊपर तक पूरे सिस्टम को अपनी गिरफ्त में ले लिया है। राहुल गांधी ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि पिछले दस सालों में कुल 152 पेपर लीक के मामले सामने आए हैं, जो देश की शिक्षा व्यवस्था और छात्रों के भविष्य के साथ बड़ा खिलवाड़ है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि यह परीक्षाएं छात्रों का भविष्य हैं और उनके भविष्य के साथ ऐसा खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

राजेश मल्ल ने व्यक्त की अपनी पीड़ा

रिया के पिता राजेश मल्ल ने मंच से अपनी पीड़ा व्यक्त करते हुए बताया, ‘मेरी बेटी 3 मई को पेपर देकर आई और बहुत खुश थी। उसने कहा कि पेपर बहुत अच्छा गया। उसके बाद वो खाना खाकर सो गई।’ उन्होंने आगे कहा, ‘दो-चार दिन के बाद जब ये मैसेज आया कि पेपर लीक हो गया है तो मेरी बेटी ने मुझे मोबाइल फोन दिखाया और कहा कि पापा पेपर लीक हो गया। मुझे लगा वो झूठी खबर होगी। उसने कहा सच में पेपर लीक हुआ है। हम लोगों के साथ धोखा होता है। हमेशा पेपर लीक हो जाता है। हम लोग मेहनत करते हैं, लेकिन नतीजा कभी भी हमारे फेवर में नहीं आता।’ यह बात कहते हुए उनकी आंखें नम हो गईं।

NTA से नाराज थी मेरी बेटी: राजेश मल्ल

उन्होंने अपनी बेटी की परेशानी का जिक्र करते हुए बताया, ‘पेपर लीक की खबर ने मेरी बेटी को अंदर तक झकझोर दिया था। NTA, जो ये परीक्षाएं कराती है, उससे रिया बेहद नाराज थी।’ राजेश मल्ल ने आगे कहा, ‘मेरी बेटी ने मुझसे कहा, ‘पापा हम जाते हैं पेपर देने तो हमारे लिए इतनी पाबंदियां हैं कि हम हाथ में धागा पहनकर नहीं जा सकते, लेकिन ये बस ऊपर से ही पेपर लीक कर देते हैं। ऐसा क्यों होता है?’ इस पर मैंने उसे समझाने की कोशिश की कि ‘ये सिस्टम खराब है, हम इसे नहीं बदल सकते।” रिया के पिता ने आगे कहा कि उनकी बेटी दस-दस घंटे पढ़ाई करती थी। वह कहती थी, ‘इतनी तैयारी करके मैंने एग्जाम दिया अब दोबारा कैसे होगा।’ मैंने उससे कहा कि ‘बेटा ज्यादा टेंशन न ले’, लेकिन वह एनटीए से काफी नाराज थी और इस बात से टूट चुकी थी कि उसकी मेहनत का कोई फल नहीं मिला।