Pulwama Attack Mastermind: POK मे पुलवामा हमले का मास्टरमाइंड हमजा बुरहान ढ़ेर, गोलियों से भूना
पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े बड़े चेहरे हमजा बुरहान को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी है। सूत्रों के मुताबिक मुजफ्फराबाद में हुए इस हमले में उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान अपने ऑफिस में मौजूद था, तभी हमलावरों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
New Delhi: साल 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के कथित मास्टरमाइंड हमजा बुरहान को पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) के मुजफ्फराबाद में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। मीडिया रिपोर्ट्स और सूत्रों के मुताबिक इस हमले में उसकी मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि हमजा बुरहान को उस समय निशाना बनाया गया, जब वह अपने ऑफिस में मौजूद था।
खुद को टीचर बताता था आतंकी
जानकारी के अनुसार हमजा बुरहान पाकिस्तान में खुद को शिक्षक बताकर रह रहा था, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों के रिकॉर्ड में वह कई आतंकी गतिविधियों से जुड़ा हुआ था। उस पर आतंकियों को ट्रेनिंग देने और सीमा पार घुसपैठ कराने में मदद करने के आरोप थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह पीओके में सक्रिय आतंकी नेटवर्क से लंबे समय से जुड़ा हुआ था।
2019 के पुलवामा हमले से जुड़ा था नाम
14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में हुए आतंकी हमले में CRPF के 40 से ज्यादा जवान शहीद हो गए थे। इस हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था। जांच एजेंसियों के अनुसार हमजा बुरहान उन लोगों में शामिल था, जिन्होंने हमले की साजिश रची थी।
बालाकोट एयरस्ट्राइक से दिया था जवाब
पुलवामा हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में जैश-ए-मोहम्मद के कैंप को निशाना बनाकर बड़ी कार्रवाई की थी। इस ऑपरेशन को पुलवामा हमले का जवाब माना गया था।
हमलावरों की पहचान अब तक नहीं
फिलहाल हमजा बुरहान पर हमला करने वाले अज्ञात हमलावरों की पहचान नहीं हो सकी है। पाकिस्तान या पीओके प्रशासन की ओर से भी इस मामले पर आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सुरक्षा एजेंसियां घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।