जीतू पटवारी ने बीजेपी और आरएसएस पर लगाया देश के अपमान का आरोप, कहा “जनता इसका जवाब देने को तैयार”

राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और आरएसएस को ‘गद्दार’ बताए जाने के विवाद के बीच मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पीएम मोदी, भाजपा और आरएसएस पर देश का अपमान करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि असली अपमान केंद्र सरकार की नीतियों से हुआ है और जनता इसका बदला

May 21, 2026 - 15:30
जीतू पटवारी ने बीजेपी और आरएसएस पर लगाया देश के अपमान का आरोप, कहा “जनता इसका जवाब देने को तैयार”

राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और आरएसएस को ‘गद्दार’ बताए जाने के विवाद के बीच मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने पीएम मोदी, भाजपा और आरएसएस पर देश का अपमान करने के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि असली अपमान केंद्र सरकार की नीतियों से हुआ है और जनता इसका बदला लेने के लिए तैयार है।

वहीं, मध्यप्रदेश सरकार को घेरते हुए जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव की विभागीय समीक्षा बैठकों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मंत्रियों को स्वतंत्र अधिकार नहीं दिए गए हैं और अगर मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड लिया जा रहा है तो मुख्यमंत्री को भी अपने विभागों का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखना चाहिए।

जीतू पटवारी ने बीजेपी आरएसएस पर लगाया देश के अपमान करने का आरोप

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के उस बयान के बाद सियासी विवाद तेज हो गया है जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और आरएसएस को लेकर तीखी टिप्पणी की थी। बीजेपी ने राहुल गांधी के बयान को “दुर्भाग्यपूर्ण” और “अराजकतावादी मानसिकता” वाला करार दिया है। इसी विवाद के बीच जीतू पटवारी ने भी केंद्र सरकार और बीजेपी पर बड़ा हमला बोला है।

जीतू पटवारी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा भारत-पाकिस्तान युद्ध रुकवाने का दावा करना देश का अपमान है। उन्होंने सवाल उठाया कि ईरान-अमेरिका युद्ध के दौरान भारत के हितों की अनदेखी हुई, डॉलर के मुकाबले रुपया कमजोर पड़ा और अमेरिका के दबाव में किसान विरोधी ट्रेड डील की गई, क्या यह देश का अपमान नहीं है। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी ने अमेरिका के आगे घुटने टेक दिए और ट्रेड डील के जरिए किसानों के हितों से समझौता किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप द्वारा कथित तौर पर ट्रेड डील को लेकर दबाव बनाए जाने के बावजूद केंद्र सरकार चुप रही।

“गरीब और मिडिल क्लास परेशान” 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि देश की संपत्ति कुछ बड़े उद्योगपतियों तक सीमित हो गई है। जीतू पटवारी ने फोर्ब्स और हुरुन जैसी रिपोर्ट्स का हवाला देते हुए कहा कि देश में कुछ लोगों की संपत्ति लाखों करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जबकि गरीब और अधिक गरीब होता जा रहा है और मिडिल क्लास परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश का अपमान बीजेपी, पीएम मोदी और आरएसएस ने किया है और जनता इसका जवाब देना चाहती है।

Anand Sahay पत्रकारिता के क्षेत्र में कई वर्षों का अनुभव है और ब्रेकिंग न्यूज़ तथा राष्ट्रीय खबरों को कवर करने में विशेष रुचि रखते हैं। महत्वपूर्ण घटनाओं का विश्लेषण कर सटीक और भरोसेमंद जानकारी पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाता है।