मध्य प्रदेश : शुक्रवार को 37 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, जून में अबतक सामान्य से 39% कम वर्षा, 25 जून तक मानसून की दस्तक संभव
रफ्तार धीमी होने के चलते दक्षिण पश्चिम मानसून को मध्य प्रदेश पहुंचने में अभी 4-5 दिन और लगेंगे, ऐसे में सामान्य तिथि से 10 दिन की देरी के साथ 25 जून के आसपास प्रदेश में मानसून के प्रवेश करने की संभावना है। हालांकि इससे पहले प्री मानसून गतिविधियों के चलते अगले चार-पांच दिनों तक बारिश-आंधी
रफ्तार धीमी होने के चलते दक्षिण पश्चिम मानसून को मध्य प्रदेश पहुंचने में अभी 4-5 दिन और लगेंगे, ऐसे में सामान्य तिथि से 10 दिन की देरी के साथ 25 जून के आसपास प्रदेश में मानसून के प्रवेश करने की संभावना है। हालांकि इससे पहले प्री मानसून गतिविधियों के चलते अगले चार-पांच दिनों तक बारिश-आंधी का दौर बना रहेगा।
शुक्रवार को 37 जिलों में मेघगर्जन के साथ बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का भी अनुमान है। गुरुवार को सिवनी में एक इंच से अधिक और महू, पीथमपुर व गुना में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। छतरपुर जिले के खजुराहो में सर्वाधिक 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। भोपाल में अधिकतम तापमान 37 डिग्री, इंदौर में 36.9 डिग्री, उज्जैन में 38 डिग्री, जबलपुर में 38.7 डिग्री और ग्वालियर में 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं खजुराहो 41.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा।
अबतक कहां कितनी हुई बारिश
- 1 से 18 जून के बीच मध्य प्रदेश में सामान्य से करीब 39 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई है। इस अवधि में प्रदेश में औसतन 46.8 मिमी बारिश होनी चाहिए थी, जबकि अब तक केवल 28.4 मिमी वर्षा हुई है। पूर्वी मध्य प्रदेश में औसत से 61% और पश्चिमी मध्य प्रदेश औसत से 22% कम बारिश हुई।
- अनूपपुर, बालाघाट, दमोह, मैहर, रीवा, शहडोल, टीकमगढ़, अलीराजपुर, बड़वानी, भिंड, दतिया, धार और खरगोन में कम बारिश हुई है। भोपाल, इंदौर, सीहोर, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, गुना, हरदा, नर्मदापुरम, रतलाम, मंदसौर, श्योपुर, शिवपुरी, सतना और सीधी में 1 से 4 इंच तक पानी गिरा है।
शुक्रवार को कहां कैसा रहेगा मौसम
- भोपाल, सीहोर, रायसेन, राजगढ़, विदिशा, इंदौर, उज्जैन, देवास, शाजापुर, मंदसौर, नीमच, रतलाम, आगर-मालवा, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, अनूपपुर, सागर, पन्ना, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़ और निवाड़ी में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
- रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, उमरिया, शहडोल, कटनी, खंडवा, बुरहानपुर, खरगोन, बड़वानी, धार, अलीराजपुर और झाबुआ में गर्मी का असर बना रह सकता है।